श्रीराम बालाजी मंदिर में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई कार्तिक पूर्णिमा
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम रामपायली स्थित प्रसिद्ध श्रीराम बालाजी मंदिर तीर्थ क्षेत्र में २४ नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर टिपुर महोत्सव आयोजित कर सात दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा मेले का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल, विधायक विवेक पटेल, जनपद अध्यक्ष माया उइके, उपाध्यक्ष पुष्पा अमूले, सरपंच संदीप वाघमारे,जनपद सीईओ ममता कुलस्ते एवं तहसीलदार वंदना कुशराम सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
आतिशबाजी और केरल थय्यम नृत्य ने बांधा समां
टिपुर महोत्सव के तहत मंदिर से निकली रैली ग्राम के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड पहुंची जहां शिवप्रसाद एंड गु्रप के द्वारा केरल के पारंपरिक थय्यम नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गई। कलाकारों ने भगवान श्रीराम, शिव, नरसिंह एवं मां दुर्गा के स्वरूप धारण कर पारंपरिक अंदाज में नृत्य प्रस्तुत किया। कलाकारों की वेशभूषा भाव भंगिमाओं और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोग काफ ी देर तक इस अनूठी सांस्कृतिक प्रस्तुति का आनंद लेते रहे। इसके पश्चात रैली पुन: मेला स्थल पहुंची जहां आतिशबाजी का आकर्षक आयोजन किया गया। लगभग २० मिनट तक चली आतिशबाजी में आसमान रंग बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। इसके बाद मंदिर में आरती संपन्न कर टिपुर प्रज्ज्वलित किया गया। इसी के साथ श्रीराम बालाजी कार्तिक पूर्णिमा मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी भगवान श्रीराम बालाजी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा क्षेत्र की सुख शांति और समृद्धि की कामना की।
३० नवंबर तक चलेंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
विदित है कि जनपद पंचायत के द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी २४ नवंबर से ३० नवंबर तक सात दिवसीय मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत २७ नवंबर को राष्ट्रीय कवि सम्मेलन, २८ नवंबर को छत्तीसगढ़ी नृत्य नाटिका,२९ नवंबर को देवी जागरण तथा ३० नवंबर को पद्मश्री डॉ.मालिनी अवस्थी की लोक गायन प्रस्तुति आयोजित होगी।
आस्था और पौराणिक मान्यताओं का प्रमुख केंद्र है श्रीराम बालाजी मंदिर
रामपायली स्थित श्रीराम बालाजी मंदिर का विशेष धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व है। मान्यता है कि वनवास के दौरान भगवान श्रीराम इस स्थान पर आए थे। मंदिर में विराजित भगवान श्रीराम एवं माता जानकी की प्रतिमाएं चंदन नदी से प्राप्त हुई थीं। यहां रेत से निर्मित शिवलिंग और लंगड़े हनुमान की प्रतिमा भी श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। किले के स्वरूप में बने इस मंदिर में कार्तिक पूर्णिमा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मनोकामना पूर्ण होने पर श्रद्धालु कढ़ाई की परंपरा निभाते हुए पकवान तैयार कर भगवान को भोग लगाते हैं और परिजनों के साथ प्रसाद ग्रहण करते हैं।









































