नगर विकास के कार्यो के लिये नपा कर्मियों को किया प्रेरित
फोटो
पदमेश न्यूज़।बालाघाट। स्वतंत्रता दिवस की 80 वीं वर्षगांठ पर नगर पालिका परिषद बालाघाट कार्यालय में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष भारती सुरजीतसिंह ठाकुर ने तिरंगा ध्वज फहराया और राष्ट्रगान हुआ। इस दौरान पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन, सांसद भारती पारधी, ओबीसी कल्याण आयोग सदस्य मौसम बिसेन, श्रीमती रेखा बिसेन, नपा उपाध्यक्ष योगेश बिसेन, सभापति वकील वाधवा, संगीता खगेश कावरे, योगिता विनय बोपचे, कमलेश पांचे, उज्जवल आमाडारे, पार्षद संगीता छोटू थापा, रैना धीरज सुराना, श्वेता सौरभ जैन, सुधीर चिले, चित्रवर्ण शुक्ला, गजेन्द्र भारद्वाज, विशाल मंगलानी सहित पार्षदगण, विभागो के अधिकारी, कर्मचारी, सफाई मित्र, फायरमेन सहित गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। वहीं भारत माता की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर तिरंगा ध्वज फहराकर राष्ट्रगान गाया।
स्वतंत्रता दिवस की वर्षगांठ को लेकर नपा कार्यालय को तिरंगा रोशनाई से आकर्षक सजाया गया था जहां सुबह से ही देशभक्ति का माहौल नजर आ रहा था। निर्धारित समय पर तिरंगा ध्वज फहराने के उपरांत राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया गया। तिरंगा ध्वज फहराकर नपाध्यक्ष भारती सुरजीतसिंह ठाकुर ने कहा कि भारत देश को आजादी महापुरूषों और असंख्य वीर सपूतों के बलिदान से मिली है इसे संजोकर रखना तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत बनाये रखना सभी का कर्तव्य है। उन्होंने हर घर तिरंगा अभियान में नगरपालिका के विभागों के उत्कृष्ट भागीदारी एवं नवाचार के लिये अधिकारी और कर्मचारियों के कार्यो की प्रशंसा की। स्वच्छता अभियान को लेकर कहा कि यह राष्ट्र निर्माण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं नशामुक्त समाज का निर्माण करना है। नशा छोडऩे का संकल्प लेकर स्वयं इसकी शुरूआत करें। नपाध्यक्ष ने सफाई मित्रों के कार्यो की प्रशंसा करते हुए नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने इसी तरह परिश्रम जारी रखने के लिये प्रेरित किया। नपाध्यक्ष ने नगरवासियों एवं नपा कर्मियों से कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर संकल्प लें कि नगर को साफ-सुथरा रखेंगे, प्लास्टिक पॉलिथिन का उपयोग नहीं करेंगे, घर-परिसर को स्वच्छ बनाये रखेंगे।
स्वच्छ-सुंदर और विकसित बालाघाट के लिये दे योगदान
नपाध्यक्ष द्वारा नगरपालिका परिषद बालाघाट के राजस्व, स्वास्थ्य, नियोजन, लोक निर्माण, उद्यान, लेखा विभाग, अग्निशमन कर्मी सहित अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वच्छ, सुंदर और विकसित बालाघाट शहर निर्माण में सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया तथा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, विकास कार्यो एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में सामूहिक प्रयास को जरूरी बताया। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों से नगर पालिका परिसर गूंज उठा। इसके उपरांत जनप्रतिनिधियों और नपा कर्मियों ने भारत माता की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर तिरंगा ध्वज फहराया और राष्ट्रगान के उपरांत भारत माता की जय-वंदे मारतम की गूंज हुई









































