भोपाल। बागसेवनिया थाना क्षेत्र में जल संसाधन विभाग की सेवानिवृत्त अधिकारी ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिछले दिनों उनके पति और बेटे की मौत के बाद से वह अवसाद से जूझ रही थीं।
बेटे और पति का हो चुका है निधन
पुलिस के अनुसार, 65 वर्षीय ज्योति उरकुड़े बागसेवनिया स्थित रामेश्वरम मल्टी में रहती थीं। कुछ समय पहले उनके पति और बड़े बेटे का निधन हो गया था। इसके बाद वह अपने छोटे बेटे के साथ रह रही थीं।
बताया गया कि उनका बेटा अपनी पत्नी के साथ कुछ दिन के लिए बिलासपुर गया था। जाने से पहले उसने एक परिचित से मां का हालचाल लेने और उन्हें भोजन उपलब्ध कराने के लिए कहा था।
गुरुवार रात करीब नौ बजे बेटा घर लौटा तो ज्योति उरकुड़े अपने कमरे में फंदे पर लटकी मिलीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।










































