बड़ी फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर टकराना अक्सर घाटे का सौदा होता है। बीते दिनों हमने यश की ‘टॉक्सिक’ को ‘धुरंधर 2’ से क्लैश टालते हुए देखा। अब बड़ी खबर प्रभास की फिल्म ‘स्पिरिट’ को लेकर आ रही है। डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि उनकी फिल्म 05 मार्च 2027 को ईद के मौके पर रिलीज होगी। लेकिन अब एक रिपोर्ट में दावा किया गया है यह पोस्टपोन होने वाली है। इसकी वजह बने हैं सलमान खान। बीते दिनों सलमान खान ने ऐलान किया कि उनकी फिल्म SVC63 ईद 2027 के मौके पर रिलीज होगी। इस फिल्म में उनके साथ साउथ की लेउी सुपरस्टार नयनतारा हैं, जबकि इसे टॉलीवुड के ‘ब्लॉकबस्टर डायरेक्टर’ कहे जाने वाले वामशी पेडिपल्ली बना रहे हैं। प्रोड्यूसर दिल राजू की यह फिल्म अपनी घोषणा के साथ ही चर्चा में है। अब चर्चा है संदीप रेड्डी वांगा ने मौके की नजाकत को समझते हुए ‘स्पिरिट’ की रिलीज टालने का फैसला किया है। हालांकि, अभी इसका आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।
सलमान खान के फैंस जहां एक ओर उनकी ‘मातृभूमि’ की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं, वहीं अभी से प्रोड्यूसर दिल राजू के बैनर तले बन रही SVC63 को लेकर शोर मचा हुआ है। बॉक्स ऑफिस पर ईद और सलमान खान की फिल्मों का पुराना इतिहास रहा है। बरसों से त्योहार के मौके पर सलमान की फिल्में सिनेमाघरों में जश्न का माहौल लेकर आती हैं। इस साल 2026 में जहां बॉलीवुड सुपरस्टार की कोई फिल्म ईद के मौके पर रिलीज नहीं हुई, वहीं बीते दिनों मुहूर्त शॉट के बाद ही वर्किंग टाइटल SVC63 के साथ ईद रिलीज का ऐलान किया गया।










































