Dog Lover News: खरगोन के ज्योति नगर में आवारा कुत्तों को पकड़ने पहुंची नगर पालिका की टीम को कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान एक स्थानीय युवक पिंजरे पर ही चढ़ गया और कुत्तों को छुड़ाने का प्रयास करने लगा। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद टीम को कार्रवाई अधूरी छोड़कर लौटना पड़ा, जाते-जाते युवक एक कुत्ता भी अपने साथ छुड़ा ले गया।खरगोन: शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक के बीच शनिवार को ज्योति नगर में कुत्ते पकड़ने पहुंची नगर पालिका की टीम को अजीबोगरीब विरोध का सामना करना पड़ा। टीम ने जैसे ही कुत्तों को पकड़कर पिंजरे में डालना शुरू किया, कॉलोनी का एक युवक पिंजरे पर ही चढ़ गया। उसने कुत्तों को मुक्त कराने की कोशिश की। करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद टीम कार्रवाई अधूरी छोड़कर लौट गई।
ज्योति नगर के रहवासियों के अनुसार कॉलोनी में 20 से अधिक कुत्ते झुंड बनाकर घूमते हैं। वाहन या पैदल निकलने वालों के पीछे दौड़ने के कारण बच्चों और महिलाओं में डर का माहौल है। इन दिनों नवरात्र के गरबा की प्रैक्टिस के लिए आने वाली बालिकाओं के पीछे भी कुत्तों के दौड़ने की शिकायतें मिल रही थीं। रहवासियों की शिकायत पर शनिवार को नगर पालिका की टीम कुत्ते पकड़ने पहुंची और करीब चार कुत्तों को पकड़ लिया।पिंजरे पर चढ़कर किया विरोध
कार्रवाई के दौरान कॉलोनी निवासी महेश चौरे ने विरोध शुरू कर दिया। कुत्तों को पिंजरे में डालते ही वह पिंजरे पर चढ़ गए और दरवाजा खोलकर उन्हें छुड़ाने का प्रयास किया। रहवासियों ने इसका विरोध किया तो चौरे ने कार्रवाई को नियमों के विपरीत बताते हुए कहा कि कुत्ते पकड़ने वाली टीम प्रशिक्षित नहीं है और उसके साथ पशु चिकित्सक भी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि कॉलोनी में किसी को कुत्ते ने नहीं काटा है और पकड़े गए कुत्ते का उन्होंने वैक्सीनेशन कराया है।
जाते-जाते एक कुत्ता छुड़ा ले गए
हंगामा बढ़ने पर नगर पालिका की टीम ने मौके से लौटने का फैसला किया। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। टीम के रवाना होते समय चौरे ने पिंजरे का दरवाजा खोलकर एक कुत्ते को बाहर निकाल लिया। कुत्ते को गोद में उठाकर दुलार करते हुए उन्होंने कहा कि उसका वैक्सीनेशन उन्होंने कराया है और वह उनका पालतू कुत्ता है। दूसरी ओर, रहवासियों का कहना है कि कुत्तों के झुंड से उन्हें लगातार परेशानी हो रही है और अभियान जारी रहना चाहिए।










































