कैनबरा: ऑस्ट्रेलिया के बॉन बॉन रिजर्व के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में खोजी कुत्तों को खरगोशों का पीछा करते हुए देखा जा सकता है। इसके लिए मैदान में उतारे गए कुत्ते दिन 20 किलोमीटर तक दौड़ते हैं। इनका काम खरगोश को पकड़ने के बजाय उन्हें डराकर वापस बिलों में भेजना है। ये इसलिए हो रहा है क्योंकि खरगोशों को काबू में रखने के लिए कर्मचारियों को लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है। ऑस्ट्रेलिया में बढ़ते खरगोश हरियाली, खेती और स्थानीय जानवरों के लिए मुश्किल का सबब बन रहे हैं।
ऑस्ट्रेलिया में खरगोशों की आबादी में तेज बढ़ोतरी हो रही है। यूरोपीय खरगोश ऑस्ट्रेलिया के सबसे खतरनाक जंगली कीटों में से है। देश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में बारिश वाली सर्दियों के बाद इनकी संख्या तेजी से बढ़ रही है। बबूल और मुल्गा जैसे स्थानीय पौधों की कोंपलें खरगोशों का भोजन और प्रजनन में मदद करने वाला स्रोत बन रही हैं।





































