द्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय स्थित विश्राम गृह में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लालबर्रा के द्वारा २ अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। यह जयंती कार्यक्रम जिला कांग्रेस कमेटी महासचिव अनिल शर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी सचिव भाऊराम गाड़ेश्वर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीराम भोयर सहित अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर सर्वप्रथम उपस्थितजनों ने विश्व को सत्य व अहिंसा का मार्ग दिखाने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर महात्मा गांधी अमर रहे, लाल बहादुर शास्त्री अमर रहे के नारे लगाते हुए उन्हे श्रध्दांजली अर्पित कर उन्हे याद किया एवं उनके बताये मार्ग पर चलने का सभी ने संकल्प लिया। वहीं उपस्थित कांग्रेसियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके द्वारा देशहित में किये गये कामों के बारे में उपस्थितजनों को जानकारी प्रदान की और सभी को संगठित होकर ऐसे महापुरूषों के बताये मार्ग पर चलकर कांग्रेस पार्टी एवं देशहित में काम करने की बात कही।






































