नीमच में बारिश के लिए गधे को खिलाए गुलाब जामुन, नगर पटेल ने की सवारी, गूंजा ‘जल बरसा दे गोविंदा’

0

 जिले के जावद नगर में अच्छी वर्षा और जल संकट से राहत की कामना को लेकर सदियों पुरानी परंपरा का आयोजन किया गया। नगर के खोर दरवाजा स्थित रामलीला मैदान में विराजित प्राचीन घास भैरव का श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ पूजन किया।

इसके बाद गधे को गुलाब जामुन खिलाए और नगर पटेल को गधे पर सवार कर नगर में पारंपरिक सवारी निकाली गई। इस अनोखी सवारी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मार्गों पर जुटे। सवारी में खोर दरवाजा, मोतीपुरा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने भाग लिया और इंद्र देव से अच्छी वर्षा, भरपूर फसल, जल स्रोतों की समृद्धि तथा क्षेत्र में सुख-शांति व खुशहाली की प्रार्थना की गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह परंपरा कई पीढ़ियों से चली आ रही है। मान्यता है कि घास भैरव के पूजन और इस विशेष अनुष्ठान से इंद्र देव प्रसन्न होकर क्षेत्र में अच्छी वर्षा करते हैं।क्षेत्र में लंबे समय से अच्छी वर्षा नहीं होने से किसान, व्यापारी और आमजन सभी चिंतित हैं। खेतों में फसलें मुरझाा रही है। यदि समय पर वर्षा नहीं हुई तो किसानों की आय प्रभावित होगी, जिसका सीधा असर बाजार और आम जनजीवन पर पड़ेगा।

पेयजल सहित दैनिक उपयोग के लिए भी जल संकट गहराने की आशंका बनी हुई है। इसी चिंता के बीच नगर में वर्षा की कामना को लेकर विभिन्न धार्मिक और पारंपरिक आयोजन किए जा रहे हैं। गुरुवार रात्रि को किसान परिवारों की महिलाओं ने वर्षों पुरानी लोक परंपरा पानी बंधान का आयोजन कर इंद्रदेव से अच्छी वर्षा की प्रार्थना की।

महिलाएं ढोल की थाप के साथ हाथों में जल से भरी मटकियां और पूजा सामग्री लेकर अपने घरों से निकलीं। स्थानीय मान्यता है कि इस परंपरा के निर्वहन से इंद्रदेव प्रसन्न होते हैं और क्षेत्र में अच्छी वर्षा होती है। महिलाएं भगवान से अच्छी वर्षा, नगर की खुशहाली, किसानों की समृद्धि, परिवारों के सुख-शांति और सभी के मंगल की कामना करती हुई नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरीं।

इस दौरान पूरे वातावरण में भक्ति और लोक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। जुलूस के दौरान महिलाओं ने दुकानों और मंदिरों के सामने पारंपरिक रीति से मटकियां फोड़ीं। इस दौरान महिलाओं के मुख से लगातार राधे कृष्ण गोविंदा, जल बरसा दे गोविंदा का सामूहिक स्वर गूंजता रहा। नगरवासियों ने भी इस अनूठी परंपरा को श्रद्धा और उत्साह के साथ देखा तथा क्षेत्र में शीघ्र अच्छी वर्षा होने की कामना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here