भोपाल के ऐशबाग इलाके में स्थित करीब 600 जर्जर जनता क्वार्टरों को तोड़ने की प्रशासनिक कार्रवाई सोमवार सुबह शुरू हो गई। जेसीबी मशीनों की मदद से इमारतों को गिराया जा रहा है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात है। वहीं, हाईकोर्ट ने एक मकान (EWS 465) पर 25 नवंबर तक अंतरिम रोक लगाई है।
भोपाल: राजधानी भोपाल के ऐशबाग इलाके में स्थित करीब 600 जनता क्वार्टरों को तोड़ने की कार्रवाई सोमवार सुबह शुरू हो गई। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बड़ी जेसीबी मशीनों की मदद से जर्जर इमारतों को गिराया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
सुबह से तेज हुई हलचल, एक के बाद एक गिराए जा रहे क्वार्टर
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह से ही ऐशबाग क्षेत्र में प्रशासन और पुलिस का अमला पहुंच गया था। इसके बाद जेसीबी मशीनों की मदद से क्वार्टरों को ढहाने की प्रक्रिया शुरू की गई। मौके से सामने आए दृश्यों में भी जेसीबी मशीनें एक-एक कर इमारतों को गिराती नजर आ रही हैं। कार्रवाई के चलते इलाके में दिनभर हलचल बनी रही और अधिकारी पूरी प्रक्रिया की निगरानी करते रहे।
वर्ष 1986 में बने थे क्वार्टर, 2016 से दिए जा रहे थे नोटिस
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड (MPHB) द्वारा वर्ष 1986 में बनाए गए इन 600 जनता क्वार्टरों को जर्जर घोषित किया जा चुका है। इससे पहले अदालत में पेश किए गए विवरण के अनुसार, भोपाल नगर निगम (BMC) और हाउसिंग बोर्ड की ओर से वर्ष 2016 से ही जर्जर भवन खाली करने व तोड़ने के नोटिस जारी किए जा रहे थे और रहवासियों को समझाने के लिए शिविर भी लगाए गए थे। बोर्ड के अनुसार, 600 में से 110 क्वार्टर आवंटित थे, जबकि शेष पर अतिक्रमण की बात कही गई थी।
एक मकान पर 25 नवंबर तक हाईकोर्ट की रोक
इसी मामले में एक दिन पहले मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने ऐशबाग के रहवासी मो. हफीज खान के क्वार्टर ‘EWS 465’ को तोड़ने पर 25 नवंबर तक अंतरिम रोक लगाई थी। याचिकाकर्ता पक्ष ने वैकल्पिक आवास के लिए प्रस्तावित 1,200 से 1,500 रुपये प्रतिमाह किराए को कम बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई थी, जिसके बाद अदालत ने इस एक मकान को अगली सुनवाई तक संरक्षण देते हुए किराए पर जिला कलेक्टर के साथ चर्चा के निर्देश दिए थे।






































