मॉस्को में पुलिस कस्टडी में मौतें, बाकू में पत्रकारों की गिरफ्तारी… अजरबैजान-रूस में खिंची तलवारें, और बढ़ेगा तनाव!

0

बाकू: अजरबैजान और रूस के बीच एक-दूसरे के नागरिकों की गिरफ्तारी के मसले पर तनाव बढ़ता जा रहा है। अजरबैजान के रूसी स्टेट न्यूज एजेंसी के दो पत्रकारों को गिरफ्तार करने के बाद दोनों मुल्कों में तलवारे खिंचती दिख रही हैं। रूस ने पत्रकारों की गिरफ्तारी के बाद अजरबैजान के राजदूत को तलब करते हुए कड़ा एतराज जताया है। इससे पहले रूस में अजरबैजानी मूल के लोगों की गिरफ्तारियां हुई थीं, जिस पर अजरबैजान ने मॉस्को के खिलाफ कड़े बयान जारी किए थे। इस पूरे घटनाक्रम ने रूस और अजरबैजान के संबंधों को खराब कर दिया है।

अजरबैजान की पुलिस ने ‘स्पुतनिक अजरबैजान’ के कार्यालय पर छापा मारते हुए संपादकीय बोर्ड के प्रमुख और मुख्य संपादक को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ अवैध फंडिंग के आरोपों की जांच की जा रही है। इन लोगों को हथकड़ी लगाकर ले जाया गया। रूस ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे दोनों देशों के संबंधों को खराब करने का प्रयास बताया है।

अजरबैजान और रूस दिखा रहे कड़ा रुख

अजरबैजान ने रूस के साथ द्विपक्षीय वार्ता रद्द कर दी है। रूस के डिप्टी पीएम के न्योते को भी अजरबैजान ने रद्द कर दिया। इसके साथ-साथ अजरबैजान के संस्कृति मंत्रालय ने रूसी संगठनों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी रोक दिया गया है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने अजरबैजान के इस फैसले पर खेद जताते हुए कहा कि उनको ऐसी प्रतिक्रिया के बचना चाहिए।

रूस के येकातेरिनबर्ग शहर में हाल ही में कुछ लोगों को हत्या जैसे गंभीर मामलों में गिरफ्तार किया गया था। इनमें से दो लोगों की मौत पुलिस कस्टडी में हो गई। अजरबैजान ने इन लोगों को अजरबैजानी मूल का बताते हुए सख्त बयान दिया। अजरबैजान की ओर से कहा गया कि रूसी पुलिस पर जातीय आधार पर कस्टडी में हत्याएं की हैं। इससे दोनों देशों में तनाव बढ़ा और अब बाकू में रूसी पत्रकारों की गिरफ्तारी ने इसे चरम पर पहुंचा दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here