रांची रेलवे खंड की बड़ी लापरवाही, खराब ब्रेक के साथ 463 किमी तक दौड़ खाली वंदे भारत ट्रेन, जांच के आदेश

0

यह घटना 24 अक्टूबर को हुई थी, जो असम में 11 नवंबर को कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की दुर्घटना से कुछ ही दिन पहले की है।

Empty Vande Bharat Travel 463 KM: झारखंड से उत्तर प्रदेश के बीच रेलवे सुरक्षा को ताक पर रखने वाला एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) जोन ने अक्टूबर में एक खाली वंदे भारत ट्रेन को कथित तौर पर बेहद खराब और अप्रभावी ब्रेकिंग सिस्टम के साथ 463 किलोमीटर तक चलाने की अनुमति दिए जाने के मामले में विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। इस गंभीर लापरवाही से अन्य यात्री ट्रेनों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा पैदा हो गया था।

घटना 24 अक्टूबर को हुई

पीटीआई के मुताबिक, यह घटना 24 अक्टूबर को हुई थी, जो असम में 11 नवंबर को कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की दुर्घटना से कुछ ही दिन पहले की है। रेलवे जोन ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि बिना पर्याप्त ब्रेक पावर के ट्रेन का संचालन करना सुरक्षा के साथ एक बहुत बड़ा खिलवाड़ है, जिससे कर्मचारियों और यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती है तथा रेल परिचालन बाधित हो सकता है।

योजना के तहत, इस खाली चेयर कार रैक को एक मालगाड़ी के लोकोमोटिव (इंजन) द्वारा झारखंड के हटिया से उत्तर प्रदेश के झांसी तक ले जाया जाना था। नियमों के मुताबिक वंदे भारत के ब्रेकिंग सिस्टम को मालगाड़ी के इंजन के साथ पूरी तरह से एकीकृत किया जाना था, ताकि सुचारू नियंत्रण बना रहे। हालांकि, रेलवे कर्मचारियों ने न सिर्फ इस प्रक्रिया में भारी लापरवाही बरती, बल्कि लोको पायलटों द्वारा बार-बार दी गई चेतावनियों को भी पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया।

लोको पायलट ने ‘ब्रेक फील और ब्रेक पावर टेस्ट’ किया था

एसईआर जोन द्वारा रांची के डिवीजनल रेलवे मैनेजर (DRM) को 7 नवंबर को जारी किए गए आधिकारिक जांच आदेश के अनुसार, हटिया से रवाना होने के बाद हटिया-रांची सेक्शन में लोको पायलट ने नियमानुसार ‘ब्रेक फील और ब्रेक पावर टेस्ट’ किया था। परीक्षण के दौरान लोको पायलट ने पाया कि ट्रेन की ब्रेक पावर बेहद खराब और पूरी तरह अप्रभावी थी। इसके बाद रांची स्टेशन पहुंचने पर लोको पायलट ने संबंधित रेलवे कर्मचारियों (सेक्शन कंट्रोलर और ट्रैक्शन लोको कंट्रोलर) को खराब ब्रेक पावर को लेकर लिखित शिकायत भी सौंपी। इसके बावजूद, खराब ब्रेकिंग सिस्टम वाली ट्रेन को उसी स्थिति में आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब मुरी स्टेशन से ट्रेन का संचालन संभालने वाले दूसरे लोको पायलट ने भी कंट्रोलर्स को खराब ब्रेकिंग प्रदर्शन की सूचना दी और बताया कि बीपी (BP) प्रेशर कम करने के बावजूद ब्रेक काम नहीं कर रहे हैं।

खतरनाक लापरवाही का खुलासा कैसे हुआ

इस खतरनाक लापरवाही का खुलासा तब हुआ जब ट्रेन उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय (DDU) जंक्शन पर पहुंची। वहां रेलवे कर्मचारियों ने मामले की गंभीरता को समझते हुए ट्रेन का बारीकी से निरीक्षण किया, जिसमें यह चौंकाने वाला सच सामने आया कि ट्रेन के सभी कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम को आइसोलेट (अलग) कर दिया गया था, जिसकी वजह से कोचों में ब्रेक लग ही नहीं रहे थे।

शुरुआती जांच में संबंधित स्टेशनों के कैरिज एंड वैगन (C&W) स्टाफ, सेक्शन और ट्रैक्शन कंट्रोलर्स, और हटिया से डीडीयू तक ट्रेन संचालित करने वाले क्रू सदस्यों को प्रथम दृष्टया लापरवाह पाया गया है। जांच में यह भी बात सामने आई कि C&W स्टाफ, जिनकी मुख्य जिम्मेदारी ट्रेन के रखरखाव और सुरक्षा की जांच करना है, उन्होंने रैक के प्रस्थान से पहले शारीरिक रूप से यह सुनिश्चित करने की जहमत नहीं उठाई कि ब्रेक ठीक से काम कर रहे हैं या नहीं। इसके अलावा, चूंकि ट्रेन क्रू वंदे भारत के आधुनिक ब्रेकिंग सिस्टम से अच्छी तरह परिचित नहीं था, इसलिए वे भी यह जांचने में विफल रहे कि कोचों में ब्रेक प्रॉपर तरीके से अप्लाई हो रहे हैं या नहीं।

तकनीकी खामी को नजरअंदाज किया

इन तमाम चेतावनियों और गंभीर तकनीकी खामी को नजरअंदाज करते हुए, यह ट्रेन बिना प्रभावी कोच ब्रेक के—केवल लोकोमोटिव के अपने ब्रेक और रीजेनरेटिव ब्रेकिंग के भरोसे—लगभग 463 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करती रही। रेलवे प्रशासन ने इस बात पर कड़ी आपत्ति जताई है कि सूचना मिलने के बावजूद किसी भी स्तर पर त्वरित कार्रवाई क्यों नहीं की गई। एसईआर जोन ने डीआरएम रांची को इस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर दोषी कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त सुधारात्मक व निवारक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here