मॉस्को: रूस ने यूक्रेन पर अपने ताकतवर FAB-3000 ग्लाइड बमों से यूक्रेन में हमले किए हैं। 3 टन के इस बम से यूक्रेन के ओरिखोवे और शचुरोवो को निशाना बनाया गया है। इस बम के यूक्रेन में इस्तेमाल के वीडियो सामने आने पर दुनिया का ध्यान इस ओर गया है। यह रूस के पारंपरिक सैन्य जखीरे के सबसे विनाशकारी हथियारों में से है। FAB-3000 भारी तबाही मचाने की क्षमता रखता है। इसे सोवियत काल में बनाया गया था, जिसे अब ‘ग्लाइड बम’ में बदल दिया गया है, जिसने इसकी अहमियत बढ़ा दी है। यह एक सुरक्षित दूरी से बड़े इलाकों में नुकसान कर सकता है।
FAB-3000 की बात की जाए तो इस बम को मूल रूप से सोवियत काल में भारी सुरक्षा वाले ठिकानों, औद्योगिक परिसरों, सैन्य बुनियादी ढांचे और सैनिकों के जमावड़े को नष्ट करने के लिए डिजाइन किया गया था। इसका नाम रूसी वाक्यांश Fugasnaya Aviatsionnaya Bomba (FAB) से आया है। इसका मलतब हाई-एक्सप्लोसिव एविएशन बॉम्ब है। वहीं 3000 इसके वजन को दिखाता है।
FAB-3000 की खासियत
- FAB-3000 रूस का 3,000 किलोग्राम (6,600 पाउंड) का हाई-एक्सप्लोसिव (तेज विस्फोट करने वाला) हवाई बम है।
- इसके वजन में 1.2 से 1.4 टन विस्फोटक होता है, जबकि बाकी हिस्सा इसकी मोटी स्टील बॉडी और पुर्जों से बना होता है।
- बीते कुछ दशकों में FAB-3000 का इस्तेमाल बहुत कम किया गया क्योंकि यह एक बिना गाइडेंस वाला डंब बम था।
- इसे गिराने के लिए विमान को लक्ष्य के ऊपर से उड़ना पड़ता था, जिससे दुश्मन की एयर डिफेंस उनको निशाना बनाते थे।
- बम में यूनिवर्सल प्लानिंग एंड करेक्शन मॉड्यूल (UMPK) लगाने से इसे दागने के लिए लक्ष्य तक जाने की जरूरत नहीं रही।
- यूनिवर्सल प्लानिंग एंड करेक्शन मॉड्यूल एक गाइडेंस और विंग किट है, जो बम को एक ग्लाइड हथियार में बदल देती है।
- रूसी विमान अब यूक्रेन की एयर-डिफेंस रेंज से बाहर रहते हुए इन बमों को यूक्रेन के शहरों में को गिरा सकते हैं।
FAB-3000 कितना शक्तिशाली
FAB-3000 उन सबसे बड़े पारंपरिक बमों में से एक है, जिनका इस्तेमाल रूस यूक्रेन युद्ध में कर रहा है। यह बम मजबूत इमारतों को जमींदोज करने, बंकरों और भूमिगत ठिकानों को नष्ट करने, खाइयों और रक्षात्मक किलेबंदियों को ढहाने, बड़े गड्ढे बनाने और हमले की जगह से सैकड़ों मीटर दूर की संरचनाओं को नुकसान पहुंचाने में सक्षम है।










































