श्री महावीर भवन में भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह संपन्न

0

पदमेश न्यूज़।बालाघाट। श्री दिगंबर जैन पंचायत बालाघाट के तत्वाधान में श्री महावीर भवन में परम पूज्य मुनिराज श्री 108 विराटसागर जी महाराज एवं मुनिराज श्री 108 निस्संगसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में आयोजित श्री सिद्धचक्र महामण्डल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ के अंतर्गत रविवार को 256 अर्घ्य समर्पण के पश्चात पावन पिच्छिका परिवर्तन समारोह श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ।इस अवसर पर मुनिराज श्री 108 विराटसागर जी महाराज की पुरानी पिच्छिका प्राप्त करने का सौभाग्य भोपाल निवासी डॉ. अनुज सोनिया जैन को प्राप्त हुआ, वहीं मुनिराज श्री 108 निस्संगसागर जी महाराज की पिच्छिका स्वदेश अल्पना जैन बालाघाट को प्राप्त हुई। समारोह में उपस्थित समस्त इंद्र-इंद्राणियों द्वारा विधि-विधान एवं भक्तिभाव के साथ पिच्छिका खोलने का धार्मिक कार्यक्रम संपन्न कराया गया। पूरा वातावरण जयकारों एवं भक्ति भाव से गुंजायमान हो उठा।पिच्छिका जैन साधु की अहिंसा, संयम एवं जीवदया की भावना का प्रतीक मानी जाती है। इसका परिवर्तन आत्मसंयम, त्याग और अहिंसामय जीवन के संकल्प को और अधिक दृढ़ करने का पावन अवसर होता है।विधानाचार्य बा.ब्र. चिद्रूप भैया जी एवं संघस्थ बा.ब्र. ऋतिक भैया जी के मार्गदर्शन में विधान की धार्मिक क्रियाएं विधिपूर्वक संपन्न हो रही हैं। इस आयोजन को सफल बनाने में पंचायत कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्यों के के साथ ही नवयुवक मंडल, बालिका मंडल, बहू मंडल, महिला मंडल, सखी मंडल, पाठशाला समिति एवं श्री चंद्र प्रभु तीर्थ क्षेत्र कमेटी चंद्रपुरी के पदाधिकारी एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण सहभागिता बनी हुई है। सभी मंडल एवं समितियां अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न करा रहे हैं।

बालाघाट के समीप होगा भव्य दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र का निर्माण
इस चातुर्मास की एक विशेष उपलब्धि के रूप में मुनिराज श्री विराटसागर जी महाराज की मंगल प्रेरणा एवं मार्गदर्शन से बालाघाट से लगभग 15 किलोमीटर दूर ग्राम चंद्रपुरी (बालाघाट लालबर्रा रोड पर)में एक अद्भुत एवं भव्य दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र का निर्माण सकल जैन समाज एवं श्री दिगंबर जैन पंचायत बालाघाट के सहयोग से कराया जा रहा है। इस पुनीत कार्य के लिए दानदाताओं एवं पात्रों का चयन भी पूर्ण हो चुका है। आगामी दिनों में मंदिर निर्माण का भव्य भूमि पूजन समारोह आयोजित किया जाएगा। यह तीर्थ क्षेत्र भविष्य में धर्म, संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना एवं जैन समाज की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।इस संबंध में श्री दिगंबर जैन पंचायत के सह सचिव अमन सिंघई ने जानकारी देते हुए बताया कि सिद्धचक्र महामण्डल विधान एवं पिच्छिका परिवर्तन जैसे धार्मिक आयोजन समाज में धर्मप्रभावना, एकता, त्याग एवं संयम की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से धार्मिक आयोजनों एवं प्रस्तावित तीर्थ निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।धर्म की प्रभावना के साथ विश्व शांति एवं मंगल की भावना से आयोजित यह महापर्व बालाघाट के जैन समाज के लिए श्रद्धा, भक्ति और गौरव का विशेष अवसर बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here