सऊदी राजधानी रियाद में हूतियों का बड़ा हमला, 11 घायलों में 2 भारतीय भी शामिल, तनाव चरम पर

0

यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग अब्दुल्ला वित्तीय जिले में एक टॉवर को निशाना बनाया, जिसमें दो भारतीय और तीन नेपाली नागरिकों समेत 11 लोग घायल हो गए।

मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। यमन के ईरान-समर्थित हूती विद्रोहियों ने मंगलवार को सऊदी अरब की राजधानी रियाद के प्रमुख वित्तीय केंद्र में स्थित एक टॉवर को निशाना बनाया। इस हमले में दो भारतीय और तीन नेपाली नागरिकों समेत कुल 11 लोग घायल हो गए। इसके साथ ही हूती लड़ाकों ने यमन में सऊदी अरब के एक सैन्य ड्रोन ‘विंग लूंग-2’ को भी मार गिराने का दावा किया है, जिससे क्षेत्र में हलचल और बढ़ गई है।

किंग अब्दुल्ला वित्तीय जिले में इमारत को बनाया निशाना

सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा विभाग ने इस घटना की पुष्टि करते हुए इसे ‘आतंकवादी हमला’ करार दिया है। विभाग के मुताबिक, हमला रियाद के किंग अब्दुल्ला वित्तीय जिले में स्थित एक कॉमर्शियल बिल्डिंग पर किया गया। इस हमले में 11 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से मिस्र के 4 नागरिक, नेपाल के 3 नागरिक, सऊदी अरब के 2 नागरिक और भारत के 2 नागरिक शामिल हैं। सऊदी अधिकारियों ने बताया कि हमले के तुरंत बाद आपातकालीन और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता प्रदान की गई। स्थिति को संभालने और लोगों व संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित आपातकालीन प्रक्रियाओं और उपायों को लागू किया गया।

भारतीय दूतावास की प्रतिक्रिया और नागरिकों से अपील

रियाद में हुए इस हमले में दो भारतीय नागरिकों के घायल होने की खबर के बाद सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास सक्रिय हो गया है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर बयान जारी कर कहा कि आज रियाद में हुए हमले में दो भारतीय नागरिकों के घायल होने की जानकारी मिली है और दूतावास इस संबंध में विस्तृत जानकारी जुटा रहा है। दूतावास ने स्पष्ट किया कि घायल भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही, दूतावास ने सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और स्थानीय नियमों व कानूनों का कड़ाई से पालन करें।

अल-हुदैदाह के हमलों के बीच बढ़ा टकराव

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब हूती पक्ष ने आरोप लगाया है कि सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के विमानों ने सोमवार को यमन के अल-हुदैदाह प्रांत में हवाई हमले किए थे। हूतियों के अनुसार, उन हवाई हमलों में 17 मजदूरों की मौत हुई थी और 11 अन्य घायल हो गए थे, जिनमें संचार केंद्र, मजदूरों के आवास और एक मस्जिद को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया था। इन घटनाओं के बाद सऊदी अरब और हूती विद्रोहियों के बीच टकराव और गहराता दिख रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here