हल्द्वानी की घटना का कांग्रेसियों ने जताया विरोध

0

कांग्रेस कार्यालय से हनुमान चौक तक निकली मार्च रैली,
गांधी प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह कर जताया आक्रोश
खड़गे के अपमान को बताया संविधान का अपमान
फोटो
पदमेश न्यूज़।बालाघाट। उत्तराखंड के हल्द्वानी, नैनीताल में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद कथित रूप से कार्यक्रम स्थल के “शुद्धिकरण” की घटना के विरोध में शुक्रवार रात बालाघाट शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।जहा जिला कांग्रेस कार्यालय से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हनुमान चौक तक मार्च रैली निकाली। कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया। इसके पश्चात हनुमान चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह किया गया।इस दौरान भीम फुलसुंगे, कैलाश साहू, श्याम पंजवानी, जावेद अली, श्रीनिवास राव, जीतू बर्वे, शिवम शर्मा, अल्ला रखा, शमीम सिद्धकी, आजम खान, मुकेश माहुले, अनिल सोनी, कारो लिल्हारे, बाबूलाल राणा, रामसिंह भाटिया, छबि राम नागेश्वर, अमर बिसेन, साबिर मंसूरी, ऋषभ सहारे, अभय मोदी, अफरोज कुरैशी, गुलाबचंद नगपुरे, जुबैदा अंसारी, सीमा सिंह, धर्मेंद्र बिपचे, प्रवीण मदनकर, चंदा दुआरे, फिरोजखान, संतोष बाहेश्वर, मकसूद खान, केवल सिंग झरिया, रिजवान अली, शोएब खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे और सभी ने सामाजिक समानता, संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।

यह संविधान का अपमान है- श्याम पंजवानी
इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्याम पंजवानी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि देश को आजाद हुए दशकों बीत गए, संविधान लागू हुए 75 वर्ष से अधिक हो चुके हैं, लेकिन यदि आज भी किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर उसके जाने के बाद किसी स्थान का शुद्धिकरण किया जाता है, तो यह बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है।उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं है, बल्कि यह संविधान की मूल भावना, सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर चोट है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जिस संविधान में हर नागरिक को समान अधिकार और सम्मान दिया, उस भारत में जातिगत भेदभाव और छुआछूत के लिए कोई स्थान नहीं है।

देश संविधान से चलेगा, मनुवादी सोच से नही- भीम फुलसुंगे
वही पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष भीम फुलसुंगे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जाति, धर्म और भेदभाव की राजनीति के खिलाफ हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। महात्मा गांधी ने छुआछूत के खिलाफ जीवनभर संघर्ष किया।आज गांधी की प्रतिमा के सामने सत्याग्रह कर कांग्रेस ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि सामाजिक अपमान और भेदभाव के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी।उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।देश संविधान से चलेगा, मनुवादी सोच और जातिगत भेदभाव से नहीं। कांग्रेस का संघर्ष हर उस मानसिकता के खिलाफ है, जो किसी इंसान की गरिमा को उसकी जाति से जोड़कर देखती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here