IndiGo Flight Emergency Landing: कोलकाता (CCU) से चेन्नई (MAA) जा रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6E-723 में हवा में ही एक बड़ा तकनीकी संकट खड़ा हो गया। उड़ान के दौरान विमान का बायां इंजन अचानक निष्क्रिय हो गया। इसके बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर आनन-फानन में रात 11:29 बजे (23:29 IST) ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई। इमरजेंसी घोषित होते ही चेन्नई एयरपोर्ट अथॉरिटी और आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों ने रनवे पर फायर ब्रिगेड और मेडिकल एंबुलेंस की तैनाती कर दी।
विमान का निर्धारित समय रात 11:30 बजे था। आपात स्थिति के बावजूद कुशल पायलटों ने रात 11:37 बजे विमान को चेन्नई हवाई अड्डे के रनवे 25 पर सुरक्षित उतार लिया। विमान में कुल 224 लोग सवार थे। सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
10 मिनट बाद वापस ली गई ‘फुल इमरजेंसी’
विमान की सुरक्षित लैंडिंग और शुरुआती तकनीकी निरीक्षण के बाद रात 11:47 बजे ‘फुल इमरजेंसी’ को आधिकारिक रूप से वापस ले लिया गया। चेन्नई एयरपोर्ट अथॉरिटी ने पुष्टि की है कि घटना के बाद हवाई अड्डे पर सभी विमान परिचालन सामान्य रूप से जारी हैं। विमान सेवा कंपनी और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा इंजन में आई तकनीकी खराबी के कारणों की जांच की जा रही है।लेजर लाइट’ से पायलट का ध्यान बंटा, कोलकाता हवाई अड्डे पर उतरने से पहले विमान ने चक्कर काटा
इससे पहले कुआलालंपुर से शनिवार को 159 यात्रियों लेकर कोलकाता आ रही मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान एमएच-184 के लिए यहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई (एनएससीबीआई) अड्डे पर उतरने के दौरान तब समस्या खड़ी हो गयी जब पायलट का ध्यान ’लेजर बीम’ से भटक गया था। हवाई अड्डा सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि इस उड़ान को शनिवार रात 11:20 बजे उतरना था, लेकिन जब विमान रनवे से लगभग आठ नॉटिकल मील दूर था, तो पायलट ने कथित तौर पर मध्यमग्राम-बारासात की तरफ से कॉकपिट की ओर आती हुई एक तेज ’लेजर लाइट’ नजर आयी। सूत्रों के अनुसार विमान रात करीब 11 बजकर 25 मिनट पर विमानतल पर उतरा तथा सभी यात्री एवं चालक दल के सदस्य सुरक्षित बताये जा रहे हैं।










































