रियाद/तेहरान: यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब को बहुत बड़ा झटका देते हुए उसके एफ-15 लड़ाकू विमान को मार गिराया है। हूती विद्रोहियों ने आधिकारिक तौर पर दावा किया है कि इस युद्धक विमान को निशाना बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर बने मिसाइल का इस्तेमाल किया गया था। हूती गुट के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने सोशल मीडिया पर कहा ‘अल्लाह की मदद और कृपा से यमनी सशस्त्र बल सऊदी अरब के F-15 फाइटर जेट को मार गिराने में सफल रहे। यह जेट मारिब प्रांत के हवाई क्षेत्र में अपनी सैन्य गतिविधियों के समर्थन में हमले कर रहा था।’
इसके अलावा हूती प्रवक्ता ने सऊदी अरब पर 450 हमले करने का आरोप भी लगाया। याह्या सरी ने कहा कि जेट को ‘स्थानीय स्तर पर बनी हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल’ से निशाना बनाया गया है। हूती प्रवक्ता ने सऊदी अरब के उन दावों को भी खारिज कर दिया कि हूती विद्रोहियों ने इस पवित्र इस्लामिक शहर मक्का को निशाना बनाया है। उन्होंने कहा ‘हमारे ऑपरेशन सऊदी अरब की तेल सुविधाओं और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हैं जो पवित्र स्थलों से काफी दूर हैं।’





































