नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 20 सांसदों के पार्टी छोड़ने के बाद अब उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना (UBT) के 6 सांसद बागी हो गए हैं। इन सियासी हलचलों के बीच कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है।
PM और गृह मंत्री की नाराजगी का दावा
जयराम रमेश ने कहा कि घटनाक्रम को समझिए। 17 अप्रैल 2026 को लोकसभा में गृह मंत्री को अपमान का सामना करना पड़ा था। तब संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं हो सका। उन्हें (मोदी सरकार) सदन में 2/3 बहुमत नहीं मिल पाया था। तमाम कोशिशों के बावजूद गृह मंत्री को 2/3 बहुमत नहीं मिला। इससे गृह मंत्री और प्रधानमंत्री बहुत नाराज हुए और अब वे अलग-अलग पार्टियों को तोड़ने में लगे हुए हैं।
जयराम ने बताया NDA का नया ‘फुल फॉर्म’
कांग्रेस के सीनियर नेता ने आगे कहा कि वह पूरे भरोसे के साथ कह सकते हैं कि उन्हें (NDA) 2/3 बहुमत नहीं मिलेगा। यह विपक्ष का मनोबल गिराने के लिए किया जा रहा है। यह संविधान और हमारे लोकतंत्र पर हमला है। सरदार पटेल के पद पर रहते हुए, मौजूदा गृह मंत्री ऐसी राजनीति कर रहे हैं। यह ‘नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस’ नहीं, बल्कि ‘नेशनल डिफेक्टर अलायंस’ है।










































