गोलीबारी चौक में ग्राहक सेवा केंद्र से २९ हजार की चोरी, जांच में जुटी पुलिस

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के व्यस्ततम क्षेत्रों में से एक गोलीबारी चौक स्थित जय बजरंग ग्राहक सेवा केंद्र से गुरुवार की शाम एक अज्ञात शातिर चोर ने गल्ले से २९ हजार रुपये पार कर दिए और मौके से फ रार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गोलीबारी चौक पर जय बजरंग ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन योगेश बांगरे के द्वारा किया जाता है। इस केंद्र में आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम के माध्यम से आम नागरिकों को उनके बैंक खातों से राशि निकालने और जमा करने की सुविधा दी जाती है। गुरुवार की सुबह संचालक योगेश बांगरे किसी पारिवारिक कार्य से बाहर गए हुए थे और दुकान की देखरेख की जिम्मेदारी वहां कार्यरत महिला कर्मचारी संभाल रही थी। घटना शाम के समय की है जब मोटरसाइकिल पर सवार एक अज्ञात व्यक्ति जिसने चेहरे को छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था केंद्र पर पहुंचा। उसने महिला कर्मचारी से रुपये निकालने की बात कहकर उसका ध्यान भटकाया। जैसे ही महिला कर्मचारी का ध्यान थोड़ा भटका शातिर बदमाश ने चालाकी से काउंटर की दराज में रखे २९ हजार रुपये के नोटों का बंडल उठा लिया और तुरंत बाहर खड़ी अपनी बाइक की तरफ भागा। बदमाश को अचानक भागता देख महिला कर्मचारी को शक हुआ। उसने तुरंत दराज चेक की तो वह खुली थी और उसमें रखे पैसे गायब थे। महिला कर्मी ने सूझबूझ दिखाते हुए चोर के पीछे दौड़ लगाई और शोर मचाया लेकिन बाइक सवार अज्ञात आरोपी पलक झपकते ही गलियों में ओझल हो गया। घटना के तुरंत बाद केंद्र की कर्मचारी ने आसपास के दुकानदारों और व्यापारियों को मामले की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस दुकान और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फु टेज खंगाल रही है ताकि संदिग्ध बाइक सवार और उसके वाहन के नंबर का सुराग मिल सके। इस वारदात से क्षेत्र के व्यापारियों में हडक़ंप मच गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here