झुलसी महिला जिला अस्पताल में भर्ती
बालाघाट। भरवेली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हीरापुर के कच्ची बारंग में सोमवार की देर रात घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग से झुलसी महिला अरुणा पति सुशील कठौते39 वर्ष को तत्काल जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती कराया गया। जहां उसका उपचार जारी है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला अरुणा कठौते कवेलू फैक्ट्री में मजदूरी करती हैं। परिवार में उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें 14 वर्षीय पुत्र, 13 वर्षीय पुत्री और 11 वर्षीय पुत्र शामिल हैं। उनके पति सुशील कठौते मिस्त्री का काम करते हैं। परिजनों के अनुसार वह शराब पीने के आदी हैं और नशे की हालत में अक्सर घरेलू विवाद करते रहते हैं।बताया गया कि 13 जुलाई की रात सुशील शराब के नशे में घर लौटा था। इसी दौरान घर में पंखा चलाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद सुशील जमीन पर सो गया था। अरुणा ने उसे खाना खाने के लिए कहा लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद अरुणा अपने बच्चों के साथ भोजन कर सो गई।आरोप है कि रात करीब 11:30 बजे सुशील ने सो रही अरुणा पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी। आग लगते ही अरुणा की चीख-पुकार सुनकर बच्चे जाग गए। अरुणा ने जमीन पर लोटकर किसी तरह आग बुझाई लेकिन तब तक उसकी कमर के नीचे का हिस्सा झुलस चुका था।घटना के बाद अरुणा अपने बच्चों के साथ हीरापुर में रहने वाली अपनी ननद सुषमा कठौते के घर पहुंची। वहां से 108 एंबुलेंस की सहायता से उसे जिला अस्पताल बालाघाट लाया गया। जहां उसका उपचार जारी है।जिला अस्पताल पुलिस चौकी ने अरुणा के बयान दर्ज कर प्रकरण की डायरी अग्रिम कार्रवाई के लिए भरवेली थाना भेज दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










































