नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद में कच्चे तेल की कीमत में शुक्रवार को भारी गिरावट आई और यह तीन महीने के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 3.37% गिरावट के साथ 87.33 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड 3.23% नीचे 84.88 डॉलर पर बंद हुआ। हालांकि भारत में ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया लेकिन पाकिस्तान में पेट्रोल 4 रुपये और डीजल 2 रुपये सस्ता हुआ।
पाकिस्तान में पिछले एक महीने में पेट्रोल की कीमत में 41 रुपये और डीजल की कीमत में 36 रुपये की कटौती की गई है। ताजा कटौती के बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 373.78 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 378.78 रुपये प्रति लीटर रह गई है।भारत से महंगा या सस्ता
हालांकि यह अब भी भारत के मुकाबले ज्यादा है। भारतीय रुपये के मुताबिक देखें तो पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 127.71 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 129.42 रुपये प्रति लीटर बैठती है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये और डीजल की कीमत 95.20 रुपये है। एक भारतीय रुपये की कीमत 2.93 पाकिस्तान रुपये के बराबर है।
भारत वर्सेज पाकिस्तान
- पश्चिम एशिया में शांति की उम्मीद में कच्चे तेल की कीमत में भारी गिरावट
- ब्रेंट क्रूड 3.37% गिरावट के साथ 87.33 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया
- पाकिस्तान में पेट्रोल में 4 रुपये और डीजल में 2 रुपये की कटौती
- भारत में 25 मई के बाद नहीं बदलीं पेट्रोल और डीजल की कीमत
लगातार पांचवें हफ्ते कटौती
पाकिस्तान सरकार 28 फरवरी को शुरू हुए ईरान युद्ध के बाद हर हफ्ते शुक्रवार रात को पेट्रोलियम की कीमतों में बदलाव कर रही है और लगातार पांचवीं बार कीमतों में कटौती की गई है। दूसरी ओर भारत में 25 मई के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इससे पहले मई में 11 दिन में चार बार कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी।










































