बालाघाट /
स्थानीय रेलवे स्टेशन में शुक्रवार को एक छात्रा ट्रेन में चढ़ते समय अचानक चक्कर आने से प्लेटफॉर्म पर गिर गई। हादसे में छात्रा के सिर में चोट आई।जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बालाघाट में भर्ती कराया गया। यह घायल छात्रा प्रिया पिता मोहनलाल राहंगडाले 20 वर्ष ग्राम देवगांव थाना किरनापुर निवासी बताई गई है जिसका इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रिया बालाघाट के गर्ल्स कॉलेज में बीएससी की पढ़ाई कर रही है। इन दिनों उसकी परीक्षाएं चल रही हैं। परीक्षा के चलते वह पिछले 5-6 दिनों से ग्राम पिपरझरी स्थित अपनी मौसी के घर रह रही थी और ट्रेन से बालाघाट आना-जाना कर रही थी।बताया गया है कि 12 जून की सुबह करीब 8 बजे प्रिया ट्रेन से पिपरझरी से बालाघाट परीक्षा देने आई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोपहर करीब 12 बजे वह पैदल रेलवे स्टेशन पहुंची और पिपरझरी लौटने के लिए ट्रेन का इंतजार करने लगी।इसी दौरान लंबे समय तक भूखे रहने के कारण उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे चक्कर आने लगे। दोपहर करीब 1 बजे जब ट्रेन स्टेशन पर पहुंची और वह ट्रेन में चढ़ने लगी। तभी अचानक चक्कर आने से वह प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ी। गिरने से उसके सिर में चोट लग गई और वह घायल हो गई।घटना के बाद रेलवे स्टेशन में मौजूद रेलवे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छात्रा को अपनी मोटरसाइकिल से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका उपचार जारी है।घटना के बाद रेलवे स्टेशन में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।










































