स्टॉकहोम: अमेरिका भले ही परमाणु बम बनाने से रोकने के लिए ईरान पर हमले कर रहा है लेकिन दुनिया में जिन देशों के पास पहले से ही परमाणु बम हैं वो अपने जखीरे को बिजली की रफ्तार से बढ़ा रहे हैं। दुनिया में 9 देशों के पास परमाणु हथियार हैं और इन सभी देश मिसाइलों और दूसरे डिलीवरी सिस्टम में तैनात परमाणु वॉरहेड्स की संख्या बढ़ा दी है। कई सालों में यह पहली बार है जब ऐसी बढ़ोतरी हुई है। स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक दुनिया के इन 9 देशों ने अनुमानित 4,012 वॉरहेड्स मिसाइलों और बॉम्बर बेस पर तैनात कर दिए हैं।
यह जनवरी 2025 के अनुमान की तुलना में तैनात वॉरहेड्स में लगभग 100 की बढ़ोतरी है। यह मुख्य रूप से रूसी परमाणु वॉरहेड तैनाती के नए आकलन और 2025 के दौरान चीन और भारत की नई परमाणु वॉरहेड तैनाती के बारे में SIPRI के आकलन पर आधारित है। सिप्री रिपोर्ट में बताया गया है कि चीन और भारत ने अपने मिसाइलों और परमाणु हम फेंकने वाले दूसरे हथियारों में न्यूक्लियर वॉरहेड्स की संख्या बढ़ा दी है। यानि भारत ने अपने मिसाइलों में परमाणु बम फिट कर रखे हैं। जबकि पहले भारत ऐसा नहीं करता था।





































