स्वतंत्रता दिवस पर नैतरा में रानी दुर्गावती की प्रतिमा का भव्य अनावरण
फोटो
पदमेश न्यूज़।बालाघाट।स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ग्राम नैतरा में उस समय ऐतिहासिक और भावुक माहौल निर्मित हो गया, जब वर्षों से चले आ रहे मतभेद को समाप्त करते हुए सकल समाज के ग्रामीणों ने एकजुट होकर वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया।जहा करीब 8 वर्षों से प्रतिमा स्थापना को लेकर चले आ रहे विवाद का सामाजिक सहमति के साथ सुखद समाधान होना पूरे गांव के लिए गौरव और खुशी का विषय बन गया। जहां उपस्थित सभी ने सर्वप्रथम प्रतिमा का दूध से अभिषेक कर, जय घोष किया। तो वही हल्दी और जलाभिषेक कर माल्यार्पण के पश्चात जय घोष किया गया।उधर उपस्थित पदाधिकारियो और वरिष्ठ ग्रामीणों ने भी बारी बारी से वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके इतिहास का वर्णन समस्त ग्रामीण के समक्ष रखा और गांव में इसी तरह की एकता बनाए रखने की बात कही।
क्या था पूरा मामला
बताया गया कि ग्राम नैतरा में रानी दुर्गावती की प्रतिमा स्थापना को लेकर पिछले करीब आठ वर्षों से लोधी समाज और आदिवासी समाज के बीच मतभेद की स्थिति बनी हुई थी। लंबे समय तक यह मामला सुलझ नहीं पाया, प्रतिमा स्थापना को लेकर ग्रामीणों के बीच कई बार आपसी मनमुटाव व विवाद भी हुए।लेकिन गांव के सामाजिक जनों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की पहल से आखिरकार आपसी सहमति का रास्ता निकाला गया। सभी पक्षों ने सामाजिक एकता और भाईचारे को प्राथमिकता देते हुए इस विषय पर एक राय बनाई औऱ सभी रजामंदी से 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस पर प्रतिमा अनावरण का फैसला सामुहिक रूप से लिया गया।
आपसी संवाद से निकाला विवाद का हल
बताया गया कि ग्राम पंचायत के सरपंच संतोष लिलहारे सहित पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने मामले को सामाजिक सौहार्द के साथ सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लगातार चर्चा और आपसी संवाद के बाद सभी समाजों के लोगों ने मिलकर निर्णय लिया कि रानी दुर्गावती की प्रतिमा का अनावरण सकल समाज की सहभागिता से किया जाएगा।15 अगस्त शनिवार सुबह करीब 10 बजे ग्रामीणों की उपस्थिति में रानी दुर्गावती की प्रतिमा का अनावरण किया गया। प्रतिमा को दूध, जल एवं पूजन सामग्री से अभिषेक कर विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद उपस्थित ग्रामीणों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ वीरांगना रानी दुर्गावती को नमन किया। पूरे आयोजन के दौरान गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा और ग्रामीणों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
सकल समाज के ग्रामीणों ने की सहभागिता
आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि कार्यक्रम में बिना किसी मतभेद के सकल समाज के ग्रामीणों ने सहभागिता की। ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण आयोजन में शामिल हुए। सभी ने मिलकर सामाजिक एकता और भाईचारे का परिचय दिया।
ग्रामीणों का कहना रहा कि किसी भी गांव की असली ताकत उसकी एकता और आपसी भाईचारे में होती है। वर्षों से चला आ रहा मतभेद समाप्त होना और सभी का एक साथ आकर रानी दुर्गावती की प्रतिमा का अनावरण करना आने वाली पीढ़ियों के लिए भी सकारात्मक संदेश है।
वर्षों पुराने विवाद का आपसी समझदारी से निकाल आया हल
आठ वर्षों के लंबे इंतजार के बाद प्रतिमा का अनावरण होने से ग्राम नैतरा में खुशी की लहर है। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल प्रतिमा अनावरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और एकता की मिसाल बनकर सामने आया।रानी दुर्गावती साहस, शौर्य और स्वाभिमान की प्रतीक हैं। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस के दिन उनकी प्रतिमा का सकल समाज द्वारा मिलकर अनावरण किया जाना आयोजन को और भी महत्वपूर्ण बना गया। ग्राम नैतरा में हुए इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि संवाद, समझदारी और आपसी सहमति से वर्षों पुराने विवादों का भी शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सकता है।







































