24 दिसंबर से 2 जनवरी तक उत्कृष्ट विद्यालय मैदान लगेगा मेला

0

बालाघाट(पदमेश न्यूज़)
प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी नगर के उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में रोटरी क्लब ऑफ बालाघाट टाइगर द्वारा 24 दिसंबर से 2 जनवरी तक रोटरी आनंदम उत्सव मेला का आयोजन किया जाएगा ।जिसमें पूर्व मेलों की तरह शासन प्रशासन की विभिन्न योजनाओं से जुड़े मंच ,विभिन्न प्रकार के फूड स्टॉल, गेम जोन ,रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति सहित देशभर के कोने- कोने से आई विभिन्न सामग्रियों की प्रदर्शनी व बिक्री की जाएगी। इसके अलावा इस बार कपिल नाइट शो की तर्ज पर कॉमेडी शो का भी आयोजन किया जाएगा। तो वही रोजगार व स्वरोजगार काउंटर लगाकर बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्रदान करने का भी काम मेले के दौरान किया जाएगा।जिसकी तमाम जानकारी गुरुवार को श्याम टॉकीज माल में आयोजित एक पत्रकारवार्ता के दौरान रोटरी से जुड़े पदाधिकारियों द्वारा दी गई।

देश के विभिन्न राज्यों से मंगाए गए स्टॉल
बालाघाट जिले में विगत 111 वर्ष से मानवता की सेवा में कार्यरत संस्था रोटरी क्लब आफ बालाघाट टाइगर के द्वारा आगामी 24 दिसंबर से स्थानीय उत्कृष्ट मैदान में आनंदम उत्सव व्यापार मेला का आयोजन किया जा रहा है। आयोजित इस मेला में न सिर्फ लोगों के मनोरंजन के लिए विभिन्न झूला सहित कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे बल्कि यह मेला स्वास्थ्य के प्रति भी लोगों को जागरुक करने का काम करेगा।आयोजित पत्रकारवार्ता में रोटरी से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि रोटरी आनंदम उत्सव का आयोजन प्रतिवर्ष दिसंबर के आखिरी सप्ताह और नए साल के शुरुआत में किया जाता है जिसका जिलेवासियों को बेसब्री से इंतजार रहता है जिसके लिए इस वर्ष विभिन्न प्रकार के झूले, रंगारंग कार्यक्रम, कॉमेडी शो, मिस एंड मिसेस बालाघाट सहित विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन किया जा रहे हैं। जहां मेले में देशभर के विभिन्न राज्यों से स्टॉल मंगाए गए हैं।वही युवाओं को रोजगार देने के लिए विभिन्न कंपनियों को भी आमंत्रित किया गया है। उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में आयोजित बालाघाट महोत्सव में व्यापार, मनोरंजन और स्वादिष्ट व्यंजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संगम जिले के लोगों को देखने को मिलेगा।बालाघाट महोत्सव से ना केवल व्यापार को बढ़ावा मिलेगा बल्कि जिले के प्रतिभाओ में छिपी प्रतिभायें भी सामने आयेगी।

सिकलसेल, टीबी के प्रति फैलाई जाएगी जागरुकता
उत्सव मेला को लेकर आयोजित वार्ता में तपेश असाटी, अध्यक्ष भरत छुट्टानी, सचिव आशीष मिश्रा ने बताया कि बालाघाट जिला आदिवासी बाहुल्य जिला है, यहां पर स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता अधिक न होने के चलते सिकलसेल,एनीमिया की बीमारी से मरीज अधिक ग्रसित पाए जाते है। जिसके चलते इस बार मेला में स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से एक स्टाल सिकलसेन,एनीमिया की जांच का लगाया जाएगा। इसके साथ ही नुक्कड़-नाटक सहित अन्य माध्यमों से इसके प्रति जागरुकता फैलाई जाएगी कि विवाह पहले एक बार युवक-युवती अपने रक्त की जांच जरुर करवाए जिससे कि इस बीमारी को रोका जा सके। इसके साथ ही टीबी की बीमारी के प्रति भी लोगों को जागरुक करने का कार्य मेला के माध्यम से किया जाएगा।

रोजगार मेला में मिलेगा युवाओं को रोजगार
चेयरमेन अभिषेक पांडे, सहचेयरमेन गुड्डु कौशल ने बताया कि दो जनवरी 2025 तक चलने वाले इस आनंदम उत्सव व्यापार मेला में इस बार रोजगार मेला का भी आयोजन किया जा रहा है और बड़ी-बड़ी कंपनिया इसमें शामिल हो रही है। जिससे ये उम्मीद है कि मेला के दौरान 300 से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने स्टाल उपलब्ध कराए जा रहे है। साथ ही मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए कामेडी नाइट का भी आयोजन किया जा रहा है जिसमें प्रसिद्ध कामेडियन वीआईपी शिरकत करेंगे। वहीं बालाघाट मिस व मिसेज प्रतियोगिता के आयोजन के साथ ही अन्य सास्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन भी किए जाएंगे। वहीं दिन के समय में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here