नई दिल्ली: बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन में होने वाले आगामी पहले टेस्ट मैच से ठीक पहले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी आक्रमण के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन के खिलाफ खेले गए तीन दिवसीय अभ्यास मैच में बांग्लादेशी बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह ढह गई। पूरी टीम दूसरी पारी में महज 54 रनों पर ढेर हो गई जिसके चलते उन्हें एक पारी और 38 रनों से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले ने टेस्ट सीरीज से पहले मेहमान टीम की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी है।
कैंपबेल थॉम्पसन ने लिए 8 विकेट
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया XI की इस एकतरफा जीत के सबसे बड़े नायक 22 वर्षीय युवा तेज गेंदबाज कैंपबेल थॉम्पसन रहे। दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के इस बाएं हाथ के पेसर ने अपनी कातिलाना गेंदबाजी से बांग्लादेशी बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। थॉम्पसन ने महज 25 रन देकर 8 विकेट अपने नाम किए। शुक्रवार शाम को दो विकेट चटकाने के बाद उन्होंने शनिवार सुबह घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए छह और शिकार किए जिसके चलते बांग्लादेश ने सुबह के सेशन में सिर्फ 35 रन जोड़कर अपने 8 विकेट गंवा दिए।










































