खंडवा। खंडवा की कृषि उपज मंडी में सोमवार को उस समय तनाव की स्थिति निर्मित हो गई, जब किसानों ने गेहूं के उचित दाम न मिलने पर जमकर विरोध प्रदर्शन (Khandwa Mandi Farmer Protest) किया। आक्रोशित किसानों ने न केवल नीलामी रोक दी, बल्कि मौके पर पहुंचे मंडी अधिकारियों का घेराव कर उन्हें खरी-खोटी भी सुनाई।
भाव और तुलाई को लेकर विवाद
किसानों का आरोप है कि मंडी में उनका गेहूं 2100 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल के निचले स्तर पर खरीदा जा रहा है, जो कि उनके लागत मूल्य के लिहाज से काफी कम है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि गेहूं की खरीद कम से कम समर्थन मूल्य (MSP) पर सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, किसानों ने एक नई शर्त रखते हुए कहा कि वे उपज की तुलाई के लिए व्यापारियों के निजी कांटों पर नहीं जाएंगे; उनकी उपज की तुलाई मंडी परिसर के भीतर ही की जानी चाहिए।











































