मध्य प्रदेश के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए कल यानी 15 अप्रैल 2026 का दिन खुशियां और नई उम्मीदें लेकर आने वाला है। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) कल सुबह ठीक 11 बजे हाई स्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) के परीक्षा परिणाम घोषित करने जा रहा है।
16 लाख छात्रों का तय होगा भविष्य
प्रदेश में 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में 16 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए। इनमें करीब 9 लाख 7 हजार छात्र 10वीं और लगभग 7 लाख छात्र 12वीं में बैठे। परीक्षा के लिए 3856 केंद्र बनाए गए थे।
सीएम हाउस से होगी नतीजों की घोषणा
इस साल नतीजों की घोषणा बेहद खास होने वाली है। मुख्यमंत्री मोहन यादव स्वयं सीएम हाउस (समतत्व भवन) में आयोजित एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बटन दबाकर रिजल्ट जारी करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ शिक्षा विभाग के आला अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। घोषणा के साथ ही प्रदेश के होनहारों की टॉपर्स लिस्ट भी सार्वजनिक की जाएगी।
यहां देख सकेंगे अपना परिणाम
जैसे ही मुख्यमंत्री प्रेस कॉन्फ्रेंस में नतीजों का ऐलान करेंगे, आधिकारिक वेबसाइट्स पर रिजल्ट का लिंक एक्टिव हो जाएगा। छात्र निम्नलिखित पोर्टल पर जाकर अपना रोल नंबर और जन्म तिथि दर्ज कर मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं:
- mpresults.nic.in
- mpbse.nic.in
- mpbse.mponline.gov.in
- वेबसाइट के अलावा छात्र डिजीलॉकर और MPBSE के मोबाइल ऐप के माध्यम से भी अपना स्कोरकार्ड देख सकेंगे।
टॉपर्स के लिए सौगातों की बौछार
मुख्यमंत्री मोहन यादव की घोषणा के बाद राज्य के मेधावी छात्रों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। राज्य सरकार ने पहले ही घोषणा कर दी है कि टॉप करने वाले विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे, जिनमें शामिल हैं:
- स्कूटी (उच्चतम अंक प्राप्त करने वालों के लिए)
- लैपटॉप और प्रशस्ति पत्र
मार्कशीट की प्रति संभालकर रखें
नतीजे जारी होने के बाद छात्र अपनी मार्कशीट की डिजिटल कॉपी तुरंत डाउनलोड कर लें। यह भविष्य के एडमिशन और अन्य दस्तावेजी कार्यों के लिए महत्वपूर्ण होगी। हालांकि, ओरिजिनल मार्कशीट छात्रों को उनके संबंधित स्कूलों से कुछ दिनों बाद प्राप्त होगी।










































