मलाजखंड के बाकीगुडा गांव में महिला की हत्या,पति पर शक: पुलिस हिरासत में लेकर कर रही है पूछताछ

0

बालाघाट जिले के मलाजखंड थाना क्षेत्र में एक महिला की उसके ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना ग्राम बाकीगुडा की है।जहां पुलिस ने 46 वर्षीय नीलू धुर्वे पति केशव धुर्वे का खून से सना शव उसके घर से बरामद किया। पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मृतिका के पति केशव धुर्वे पर हत्या का संदेह जताया जा रहा है और पुलिस उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ कर रही है।

परिवार के साथ खेती-किसानी करता था केशव

प्राप्त जानकारी के अनुसार केशव धुर्वे अपने परिवार के साथ गांव में रहकर खेती-किसानी का कार्य करता है। परिवार में उसकी पत्नी नीलू धुर्वे के अलावा तीन बेटियां और एक बेटा और पिता धनसिंह धुर्वे हैं। मंझली बेटी सोनिका की शादी बिलासपुर में हो चुकी है। बताया गया कि घटना से करीब पांच दिन पहले बड़ी बेटी सोनम और बेटा सूरज अपनी बड़ी बहन के घर बिलासपुर गए हुए थे। जबकि छोटी बेटी संध्या धुर्वे बालाघाट में रहकर पढ़ाई करती है।

घटना के समय घर में अकेले थे पति-पत्नी

बताया जा रहा है कि 20 मई की सुबह करीब 9 बजे केशव धुर्वे अपनी पत्नी नीलू के साथ घर में मौजूद था। उसी दिन उसका पिता धनसिंह धुर्वे रिश्तेदारी में तरेगांव मंडई गया हुआ था। अगले दिन 21 मई की सुबह केशव धुर्वे गांव के सरपंच झामसिंह के घर पहुंचा और बताया कि तुम्हारी बहन नीलू घर में मौत हो गई है।सूचना मिलते ही सरपंच झामसिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि नीलू धुर्वे घर के अंदर जमीन पर बिस्तर में पड़ी हुई थी। उसके सिर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के निशान थे तथा नाक और मुंह से खून निकल रहा था। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।घटना की जानकारी मिलने पर केशव का पिता धनसिंह धुर्वे भी गांव पहुंचा। उसने बेटे केशव से घटना के बारे में पूछताछ की,लेकिन वह कुछ भी स्पष्ट रूप से बताने की स्थिति में नहीं था। इसके बाद धनसिंह धुर्वे ने मलाजखंड पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।सूचना मिलते ही मलाजखंड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पहुंचे गये । पुलिस ने घर से नीलू का शव बरामद कर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शराब और घरेलू विवाद बना हत्या की वजह

ग्रामीणों के अनुसार केशव धुर्वे शराब पीने का आदी था और उसका अपनी पत्नी नीलू से आए दिन विवाद होता रहता था। आशंका जताई जा रही है कि 20 और 21 मई की दरमियानी रात पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ जिसके बाद गुस्से में आकर केशव ने किसी ठोस वस्तु से नीलू के सिर और पीठ पर हमला कर दिया।जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।हालांकि पुलिस ने अभी हत्या के कारणों और आरोपी की भूमिका को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल पुलिस संदेह के आधार पर केशव धुर्वे को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।
मामले की जांच जारी है और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की करीब कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here