Panchayatana Mandir: ओंकार पर्वत स्थित एकात्म धाम में पंचायतन मंदिर का निर्माण हो रहा है। सीएम मोहन यादव ने विधि-विधान से भूमि और शिला पूजन किया है। पूज्य संतों के सानिध्य में यहां अनुष्ठान का आयोजन किया गया था। इस मंदिर के निर्माण से सनातन का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा।खंडवा: तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में एकात्म धाम परियोजना के अंतर्गत भव्य पंचायतन मंदिर का विधि-विधान से भूमि और शिला पूजन संपन्न हुआ। सीएम मोहन यादव ने ओंकार पर्वत पर स्थित वेधशाला में अपनी धर्मपत्नी के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन किया। षट दर्शन संत मंडल के पूज्य संतों के सानिध्य में आयोजित इस अनुष्ठान में देश के प्रमुख वैदिक पीठों के आचार्यों ने सहभागिता की।विद्वानों ने कराया अनुष्ठान
शिला पूजन के पावन अवसर पर श्री वेंकटेश्वर वेद विज्ञान पीठम् (धर्मगिरि, आंध्र प्रदेश) के प्राचार्य के.एस.एस. अवधानी, दक्षिणाम्नाय श्री शारदा पीठम् (कर्नाटक) एवं श्री श्री गुरुकुल के प्रतिष्ठित आचार्यों द्वारा वैदिक परंपरा अनुसार अनुष्ठान पूर्ण कराया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि भारत का जो पारंपरिक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वैभव रहा है, वह अब पूरी भव्यता के साथ लौट रहा है।
पंचायतन पूजा पद्धति
आदि शंकराचार्य ने सनातन संस्कृति में शैव, वैष्णव, शाक्त, सौर और गाणपत्य संप्रदायों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए ‘पंचायतन पूजा’ पद्धति का पुनरुद्धार किया था। उपनिषदों के अनुसार, जैसे सोने से बने विभिन्न आभूषणों का मूल तत्व केवल सोना ही होता है, उसी प्रकार पंचदेव वस्तुतः एक ही निराकार ‘परम ब्रह्म’ के साकार रूप हैं। एकात्म धाम में इस मंदिर का निर्माण आदि शंकर के इसी युगांतरकारी एकात्म दर्शन को चिरस्थायी बनाए रखने के लिए किया जा रहा है।










































