कांग्रेस में ‘नई टीम’ की तलाश तेज; राहुल गांधी ने खुद संभाला मोर्चा, 10 जनपथ में 120 नेताओं का इंटरव्यू शुरू, 60% सचिवों को बदलने की तैयारी

0

Rahul Gandhi Leaders Interview 10 Janpath: कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी के तहत राहुल गांधी 10 जनपथ पर खुद 120 शॉर्टलिस्ट किए गए नेताओं के इंटरव्यू ले रहे हैं।Congress New National Secretaries Selection: कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू हो गई है। पार्टी में नई और युवा लीडरशिप को आगे बढ़ाने की कवायद के तहत लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी खुद कांग्रेस के नए राष्ट्रीय सचिवों के चयन की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। राष्ट्रीय सचिव के पद के लिए करीब 120 नेताओं को शॉर्टलिस्ट किया गया है, जिनके इंटरव्यू राहुल गांधी खुद ले रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, शॉर्टलिस्ट किए गए नेताओं को करीब 10-10 के ग्रुप में 10 जनपथ बुलाया जा रहा है। यहां राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी और कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी नेताओं से अलग-अलग सवाल कर रहे हैं।

7-8 सितंबर को करीब 8 ग्रुप के इंटरव्यू हो चुके हैं, जबकि बाकी नेताओं को 10-11 सितंबर को बुलाए जाने की संभावना है।इंटरव्यू में पूछे जा रहे ये सवाल

राष्ट्रीय सचिव पद के लिए हो रहे इंटरव्यू में नेताओं से उनकी राजनीतिक समझ, संगठनात्मक क्षमता और जमीनी सक्रियता को परखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, नेताओं से मुख्य रूप से ये सवाल पूछे जा रहे हैं—

* अपना परिचय दीजिए।

* कांग्रेस पार्टी में राष्ट्रीय सचिव का क्या काम होता है?

* अपने राज्य के किस आंदोलन में शामिल हुए हैं?

* कांग्रेस और बीजेपी के बीच सबसे बड़ा अंतर क्या देखते हैं?

* आपके राज्य में ऐसा कौन सा मुद्दा था जिसे कांग्रेस सही समय पर नहीं उठा सकी?

* क्या आपने कांग्रेस के टिकट पर कोई चुनाव लड़ा है?

* संगठन में काम करना कितना जरूरी है?

वरिष्ठता नहीं, काम और जमीनी सक्रियता पर फोकस

कांग्रेस के संगठन में राष्ट्रीय पदों पर नियुक्ति के लिए अब केवल राजनीतिक वरिष्ठता को आधार बनाने के बजाय काम का रिकॉर्ड, जमीनी सक्रियता और संगठन में योगदान को प्रमुख कसौटी बनाया जा रहा है।

पार्टी नेतृत्व संगठन को ज्यादा युवा, आक्रामक और जमीन पर सक्रिय बनाने की रणनीति पर काम कर रहा है। इसी के तहत ऐसे नेताओं को आगे बढ़ाने पर जोर है, जो केवल ‘ड्राइंग रूम पॉलिटिक्स’ तक सीमित न हों, बल्कि जमीन पर पार्टी के लिए काम करने का अनुभव रखते हों।

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अपने मौजूदा राष्ट्रीय सचिवों में से 60 फीसदी से ज्यादा को बदलने की तैयारी में है। संगठन में नए चेहरों को मौका देने के साथ-साथ ज्यादा समावेशी और गतिशील टीम तैयार करने की योजना है।

संगठन सृजन अभियान में काम कर चुके नेताओं को प्राथमिकता

राष्ट्रीय सचिव पद के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए करीब 120 नेताओं में बड़ी संख्या उन नेताओं की है, जिन्होंने कांग्रेस के ‘संगठन सृजन’ अभियान के तहत अलग-अलग राज्यों में ऑब्जर्वर के तौर पर काम किया है।

इन नेताओं के कामकाज की रिपोर्ट भी तैयार की गई है। राहुल गांधी इंटरव्यू के दौरान केवल उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि ही नहीं, बल्कि उनके संगठनात्मक अनुभव और जमीनी काम को भी परख रहे हैं।

राहुल गांधी की नई टीम तैयार करने की कवायद

राहुल गांधी के राजनीति में आने के बाद से ही कांग्रेस में नई पीढ़ी की लीडरशिप तैयार करने और संगठन में ‘जनरेशन चेंज’ लाने की कोशिश उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में रही है।

यूथ कांग्रेस और NSUI में भी नियुक्तियों के लिए इंटरव्यू आधारित प्रक्रिया अपनाई जा चुकी है। इसका मकसद प्रतिभा और क्षमता के आधार पर युवाओं को संगठन में आगे बढ़ने का अवसर देना रहा है।

अब इसी मॉडल को कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में भी आगे बढ़ाने की कवायद होती दिख रही है।

राष्ट्रीय सचिवों के चयन की यह पूरी प्रक्रिया राहुल गांधी की नई संगठनात्मक टीम तैयार करने की रणनीति का अहम हिस्सा मानी जा रही है। अंतिम चयन के बाद अलग-अलग राज्यों में राष्ट्रीय सचिवों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here