भारतीय महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के बीच दूसरा वनडे मैच के दौरान कप्तान स्मृति मंधाना के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। दूसरे वनडे में भारतीय कप्तान मंधाना 2 गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौटीं। भारत ने अपना पहला विकेट महज 1 रन के स्कोर पर गंवा दिया।
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय महिला टीम की कप्तान स्मृति मंधाना के नाम वनडे क्रिकेट में एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। वडोदरा में जिम्बाब्वे के खिलाफ वह डक पर आउट हुईं। इसके साथ ही मंधाना वनडे क्रिकेट के एक कैलेंडर ईयर में पहली बार दो बार डक पर आउट हुईं। मंधाना ने दो गेंद का सामना किया और बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं।
सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर चुकी भारतीय टीम ने दूसरे वनडे मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। मंधाना का यह फैसला उस वक्त गलत साबित होता हुआ दिखा, जब पहले ही ओवर की चौथी गेंद पर कप्तान मंधाना अपना खाता खोले बिना ही आउट हो गईं। नोमवेलो सिबांडा ने उन्हें अपना शिकार बनाया।
एक साल में हुआ दूसरी बार
मंधाना जैसे ही डक पर आउट हुईं, वैसे ही उनके नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। वह वनडे क्रिकेट के एक कैलेंडर ईयर में पहली बार दो बार शून्य पर आउट हुईं। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होबार्ट में मंधाना बिना खाता खोले ही आउट हो गईं। मंधाना वनडे क्रिकेट में अभी तक कुल पांच बार बिना खाता खोले आउट हुईं है।
वनडे क्रिकेट में डक पर आउट हुईं स्मृति मंधाना-
- इंग्लैंड के खिलाफ, लॉर्ड्स 2017
- दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ, पोटचेफस्ट्रूम 2018
- न्यूजीलैंड के खिलाफ, अहमदाबाद 2024
- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ, होबार्ट 2026
- जिम्बाब्वे के खिलाफ, वडोदरा 2026
शुरुआत हुई खराब
मैच की बात करें तो, खबर लिखे जानें तक भारतीय टीम ने 7 ओवर में दो विकेट गंवाकर 53 रन बना लिए थे। क्रीज पर पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर और पहले मैच की शतकवीर प्रतिका रावल मौजूद थीं। तीन वनडे मैच की सीरीज में भारत ने पहला वनडे मैच जीतकर 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। इससे पहले खेली गई टी20 सीरीज में भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 3-0 से क्लीन स्वीप किया था।
पहली बार मिली है कप्तानी
भारतीय महिला क्रिकेट टीम में बदलाव हुए हैं। बीसीसीआई की सीनियर महिला चयन समिति ने भविष्य की ओर देखते हुए हरमनप्रीत कौर के कप्तानी पद से इस्तीफा देने के बाद स्मृति मंधाना को नियमित कप्तान नियुक्त किया है। फुट टाइम कप्तान के रूप में मंधाना की यह पहली वनडे और टी20 सीरीज है।








































