किसानों और राहगीरों ने जताया रोष, नवीन पुलिया निर्माण व सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय से लगभग ४ किमी. दूर ग्राम पंचायत बकोड़ा और खारी के बीच से गुजरी वैनगंगा बड़ी नहर पर बनी पुरानी पुलिया जर्जर हो चुकी है। पुलिया के कमजोर होने और सुरक्षा रेलिंग गायब होने के कारण यहां से आवागमन करने वाले राहगीरों, किसानों और मवेशियों पर बड़े हादसे का खतरा मंडरा रहा है। समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो जल्द ही समर्थन मूल्य पर शुरू होने वाली धान खरीदी के दौरान किसानों को अपनी उपज मंडी तक ले जाने में भारी परेशानी उठानी पड़ेगी। इसे लेकर ग्रामीणों, किसानों और राहगीरों में प्रशासन के प्रति आक्रोश व्याप्त है।
सीमेंटीकरण के दौरान छूटी पुरानी पुलिया, लोहे की रेलिंग चोरी, नहर में गिरने का खतरा
आपकों बता दे कि ढूटीवीयर बांध से निकली वैनगंगा बड़ी नहर के माध्यम से खैरलांजी क्षेत्र तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाया जाता है। पूर्व में यह कच्ची नहर जगह-जगह से क्षतिग्रस्त व जर्जर होने के कारण अंतिम छोर तक पानी पहुंचने में बाधा आती थी, जिससे किसानों के खेतों में लगी फसलों की सिंचाई प्रभावित होती थी। किसानों की इस समस्या को देखते हुए जल संसाधन विभाग द्वारा विगत वर्ष पूर्व करोड़ों रूपये की लागत से नहर का सीमेंटीकरण करवाया गया। वहीं कुछ स्थानों पर नई पुलिया भी बनाई गई है, लेकिन बकोड़ा और खारी के बीच स्थित पुरानी पुलिया को ज्यों का त्यों छोड़ दिया गया। जिस कारण से पुरानी पुलिया अब कमजोर हो चुकी है, साथ ही देखरेख के अभाव में स्थिति और बिगड़ गई है। पहले सुरक्षा के लिहाज से पुलिया पर लोहे के एंगल व रॉड की रेलिंग लगाई गई थी, जो चोरी हो चुकी है। रेलिंग न होने से पुलिया पार करते समय यदि कोई वाहन या मवेशी अनियंत्रित होता है, तो उसके सीधे नहर में गिरने की आशंका बनी हुई है। वहीं पूर्व में इस मार्ग पर हादसे भी हो चुके है। जबकि इस समस्या से कई बार जिम्मेदारों को अवगत करवा दिया गया है लेकिन जिम्मेदारों के द्वारा कोई ध्यान नही दिया जा रहा है, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
धान खरीदी से पहले बढ़ेंगी मुश्किलें
खारी, बेलगांव और बकोड़ा के किसान एवं ग्रामीण इस मार्ग से अपने खेतों तक पहुंचते है, पुलिया कमजोर होने के कारण उन्हे बरसात के दिनों में ट्रैक्टर एवं अन्य चौपहिया वाहनों को अपने खेतों तक ले जाने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और अधिक दुरी तय कर आना पड़ता है। साथ ही इस मार्ग से ग्रामीण एवं राहगीर भी आवागमन करते है और यह मार्ग खारी से सीधे बकोड़ा कृषि उपज मंडी पहुंचने का सीधा मार्ग है। किन्तु पुलिया कमजोर हो जाने एवं सुरक्षा रेलिंग नही होने के साथ ही सडक़ भी खराब होने से सभी को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं कुछ ही दिनों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने वाली है, जिसके तहत खारी क्षेत्र के किसानों को अपनी फसल लेकर बकोड़ा स्थित खरीदी केंद्र/मंडी पहुंचना होगा। जर्जर पुलिया और बिना रेलिंग के मार्ग से ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य वाहनों के निकलने में जोखिम बना रहेगा। वहीं ग्रामीणों और किसानों का कहना है कि जर्जर पुलिया और गायब रेलिंग की समस्या से प्रशासन को कई बार अवगत करवा चुके है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। साथ ही नहर के सीमेंटीकरण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि कुछ स्थानों से नहर क्षतिग्रस्त होने लगी है। राहगीरों व किसानों ने संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए शीघ्र नवीन पुलिया का निर्माण करवाने और सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग प्रशासन से की है।










































