ऑस्ट्रेलिया की एम्मा मैककॉन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 50 मीटर फ्रीस्टाइल तैराकी में स्वर्ण पदक जीता है। एम्मा अब राष्ट्रमंडल खेलों में सबसे ज्यादा 11 स्वर्ण अपने नाम करने वाली खिलाड़ी बनी हैं। इसी के साथ ही एम्मा ने साथी ऑस्ट्रेलियाई तैराकों इयान थोर्प, सूसी ओनील और लीसेल जोन्स के राष्ट्रमंडल खेलों में जीते गए सबसे ज्यादा स्वर्ण पदकों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है। एम्मा ने इससे पहले हुए ग्लास्गो और गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमण्डल खेलों में भी स्वर्ण पदक जीते थे।
इस महिला खिलाड़ी का बर्मिंघम खेलों में यह तीसरा स्वर्ण है। इससे पहले उसने 4 गुणा 100 मीटर फ्रीस्टाइल और 4 गुणा 100 मीटर मिश्रित रिले में भी स्वर्ण अपने नाम किया था। उसके नेतृत्व में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने महिलाओं की 50 मीटर फ्रीस्टाइल के तीनों पदक अपने नाम किये थे। मैककॉन ने 23.99 सेकंड में यह दूरी हासिल की। वहीं उसकी साथी मेग हैरिस ने रजत और शायना जैक ने कांस्य पदक पर कब्जा किया।









































