भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री ने कहा है कि भारतीय टीम को टी20 विश्व कप जीतने के लिए अपने क्षेत्ररक्षण को ओर बेहतर बनाना होगा। शास्त्री के अनुसार टीम की बल्लेबाजी ओर गेंदबाजी अच्छी है। उसे केवल अपने क्षेत्ररक्षण का स्तर ओर बढ़ाना होगा। यह एक क्षेत्र है जिसमें उन्हें काम करने की जरुरत है। उन्हें जीत के लिए अपने क्षेत्ररक्षण में कड़ी मेहनत करनी होगी और पहले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। उन्होने कहा 15 से 20 रन बचाने से भी मैच में अंतर आ जाता है। वहीं अगर आप ऐसा नहीं कर पाते हैं तो आपको काफी ज्यादा रन बनाने होंगे।. उन्होंने यह भी कहा, ‘आप ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका को देखिए। वो जबरदस्त क्षेत्ररक्षण करते हैं। श्रीलंका ने एशिया कप में अपने कसे हुए क्षेत्ररक्षण के बल पर ही पाकिस्तान को हराया था। भारतीय टीम को भी अपने क्षेत्ररक्षण का स्तर और ऊपर लाना है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से भारतीय टीम का क्षेत्ररक्षण खराब रहा है। एशिया कप के अहम मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम का क्षेत्ररक्षण अच्छा नहीं रहा था। तब अर्शदीप सिंह ने कठिन हालातों में आसिफ अली का महत्वपूर्ण कैच छोड़ दिया था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में अक्षर पटेल, लोकश राहुल और हर्षल पटेल के कैच छोड़ने से भारतीय टीम के हाथों से मैच फिसल गया था।










































