वारासिवनी जनपद पंचायत अंर्तगत आने वाली ग्राम पंचायत वारा स्थित बड़ी नहर पर बने नहर पुलिया जो शिवधाम मोहल्ले से बालाघाट रोड़ को जोड़ता है। इस पुलिया की जर्जर खस्ताहाल स्थिति को लेकर बीते दिनों वारा पंचायत के वासी एवं वारासिवनी वार्ड नं 3 के वार्डवासी के द्वारा धरना आंदोलन कर विरोध प्रदर्शन किया गया था। जिसमें पुलिये को ब्लॉक कर सिर्फ मोटर साईकिल के जाने की व्यवस्था बनाई गई थी। यह व्यवस्था वार्डवासियों के द्वारा बनाई गई थी और जमकर आक्रोश व्यक्त किया गया था जिस पर पुन: यथावत स्थिति निर्मित हो गई है किंतु प्रशासन की और किसी प्रकार की पहल कर न तो जर्जर पुलिया के निर्माण की तैयारी की गई है ना ही रैलिंग लगाने का कार्य किया गया है। वार्डवासियो के द्वारा लगाये गये पाईप उखाड़ दिया गया है ताकि भारी वाहनों का आवागमन हो सके। ऐसे में लोगों को मौत से समझौता कर आवागमन करना पड़ रहा है। जिस पर वार्डवासियों की विभाग से दरकार है कि वह इस और ध्यान देकर व्यवस्था को दुरूस्त करे।
वारासिवनी मुख्यालय से सीधा जुड़ता है पुलिया- कुबेर
पद्मेश से चर्चा करते हुये शिवधाम मोहल्ले के वासी कुबेर दुबे ने कहां कि नगर में बड़ी नहर का प्रवेश वारा पंचायत अंर्तगत होता है। ऐसे में उनका शिवधाम मोहल्ला भी आता है। यह मोहल्ला बड़ी नहर से सीधे वारासिवनी मुख्यालय से जुड़ता है। ऐसे में बड़ी नहर की पुलिया काफी जर्जर अवस्था में है। हमारे बच्चे सहित कई लोग इस पुलिया का स्कूल जाने के लिये इस्तेमाल करते है। फिलहाल में बच्चों की पढ़ाई के लिये आलेझरी से इस मोहल्ले में रह रहा हॅ। बीते दिवस एक ११-१२ वर्ष की बच्ची इस नहर पुलिया में गिर गई थी जिसे लोगों ने देखा और उसे बचा लिया हम चाहते है कि पुलिया का शीघ्र निर्माण किया जाये।
पुलिया पर आवागमन का भारी दबाव – ठाकरे
वही शिवधाम वासी गिरजाशंकर ठाकरे उर्फ बालू ने बताया कि पुलिया काफी जर्जर होने के साथ ही नित नये दिन भारी वाहनों की वजह से कोई न कोई हादसे हो रहे है। इस मर्तबा काफी बारिश हुई है जिसकी वजह से यह पुलिया और अधिक जर्जर हो गई है। प्रतिदिन स्कूल बस सहित अन्य भारी वाहन इसी पुलिया से होकर गुजरते है। हम चाहते है कि पुलिया का शीघ्र निर्माण सिंचाई विभाग कराये। बीते एक माह पूर्व हम लोग ने यहां बेरिकेटिंग कर दी थी ताकि भारी वाहन का आवागमन न हो सके लेकिन विभाग ने उसे हटवा दिया है। हम अधर नहर विभाग से पुलिया का शीघ्र निर्माण कराये जाने की मांग करते है।
आधे दर्जन से अधिक ग्राम के लोग करते है आवागमन – गौरीशंकर
इसी तरह पूर्व पूर्व उपसरपंच गौरीशंकर भगत निवासी मदनपुर ने पद्मेश को बताया कि इस पुलिया से आवागमन करने वाले ग्रामीणों में कासपुर, मदनपुर, वार्ड नं.३ रानी दुर्गावती नगर सहित शिवधाम व वाराटोला वासी करते है ऐसे में पुलिया का निर्माण होना अति आवश्यक है। खासकर स्कूली बच्चे तो सुबह से ही इस पुलिया से अपनी साईकिल के द्वारा निकलते है। जो कई मर्तबा नहर में गिर जाते है वे शासन प्रशासन से यह मांग करते है की शीघ्र ही पुलिया का निर्माण किया जाये।
इनका कहना है –
इस मामलें में जब दूरभाष पर अधर नहर विभाग के अनुविभागीय अधिकारी जीएस मरावी ने बताया कि उक्त स्थान पर नये पुलिया निर्माण के लिये स्टीमेट तैयार कर विभागीय स्वीकृति के लिये भेजा गया है। जिसके स्वीकृत होते ही नये पुलिया का निर्माण कार्यवाही प्रारंभ कर दी जायेगी। जिसमें करीब दो माह से ज्यादा का समय लगेगा।










































