जिले के भगवती मानव कल्याण संगठन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने बुधवार को गुरु शरण शर्मा पंडोखर सरकार पर भोलेभाले भक्तों को धोखा देते हुए ठगने का आरोप लगाया है। संगठन ने पंडोखर सरकार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन भी सौंपा। अंबेडकर चौक पर एकत्र हुए संगठन के पदाधिकारी दिलीप चौधरी ने बताया कि पंडोखर सरकार द्वारा धर्म को बदनाम किया जा रहा है। तंत्र-मंत्र के नाम पर जनता को छला जा रहा है। धाम में पहुंचने वाले लोगों की समस्याओं का हल निकालने के लिए 21 हजार, 51 हजार रुपए की पर्ची काटी जाती है, लेकिन इतने पैसे देने का कोई फायदा नहीं होता। हम भगवती मानव कल्याण संगठन द्वारा पंडोखर सरकार के खिलाफ सभी जिले में विरोध दर्ज किया जाएगा और ज्ञापन सौंपा जाएगा। धर्म का चोला पहनने वाले ऐसे महाराजों के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।










































