500 रुपए दो और एक महीने के लिए बे रोक-टोक जबलपुर से निकलो। ऐसा स्टीकर ट्रक चालकों को जबलपुर आरटीओ विभाग दे रहा है। दैनिक भास्कर ने जब जबलपुर-रीवा के बीच चलने वाले ट्रक चालकों से बात की, तो उन्होंने आरोप लगाया कि आरटीओ यहां से निकलने वाले वाहन चालकों से 500 रुपए का स्टीकर देकर टैक्स वसूल रहा है। हालांकि, इन आरोपों को आरटीओ विभाग सिरे से नकार रहा है।
जबलपुर-कटनी रोड के स्लीमनाबाद के पास वाहनों की चेकिंग करने वाली आरटीओ की टीम पर ट्रक चालकों ने आरोप लगाया है कि गाड़ी के पूरे कागज होने के बाद भी उनसे अवैध रूप से जबरन वसूली की जा रही है। आरटीओ विभाग ट्रक चालकों को गोल्डन स्टीकर देता है। उनसे 500 रुपए लेकर एक महीने के लिए आने-जाने को वैलिड कर दिया जाता है।
ट्रक ड्राइवर का आरोप…
महाराष्ट्र से बिहार जा रहे ट्रक चालक महेश यादव ने बताया कि आरटीओ की तरफ से 500 रुपए लेकर गोल्डन कार्ड दिया गया है। वह ट्रक लेकर महाराष्ट्र-नागपुर से बिहार जा रहे थे। जैसे ही वह स्लीमनाबाद पहुंचे तो रोड पर खड़ी आरटीओ की टीम ने उसे रोक लिया। महेश ने बताया कि उसके पास सभी दस्तावेज थे, इसके बाद भी उससे 500 रुपए लिए। कहा गया कि यह गोल्डन कार्ड है। यह कार्ड एक महीने वैलिड रहेगा। ट्रक चालक ने बताया कि इस तरह का कार्ड सिर्फ जबलपुर ही नहीं, बल्कि रीवा में भी दिया जाता है। इस तरह की अवैध वसूली कई दिनों से चली आ रही है।
विभाग की ने क्या कहा?
परिवहन विभाग में पदस्थ उप निरीक्षक अक्षय कुमार का कहना है कि हम उन वाहनों की चेकिंग करते हुए फाइन करते हैं, जिनके कागज कंप्लीट नहीं होते हैं। जो आरोप लगाए जा रहे हैं, निराधार हैं। किसी को भी कोई गोल्डन कार्ड नहीं दिया जा रहा है। जिन पर फाइन किया जाता है, उन्हें विधिवत रसीद दी जाती है।










































