फीफा वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में मोरक्को की फ्रांस से हार के बाद उनके फैंस ने ब्रसेल्स और पेरिस की सड़कों पर उत्पात मचाया। पुलिस से भी भिड़े। यही नहीं फ्रांस में कई जगहों पर मोरक्को और फ्रांस के समर्थकों के बीच झड़प हुई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मोरक्को फैन्स ब्रसेल्स के साउथ स्टेशन पर इकट्ठा हुए थे। यहां जमकर आगजनी भी की। कई जगह पुलिस को वाटर कैनन और टियर गैस का भी इस्तेमाल करना पड़ा। पुलिस ने कुछ मोरक्को फैंस को गिरफ्तार भी किया है। पेरिस में भी फ्रांस की जीत पर खुशी मना रहे समर्थकों और मोरक्को के फैंस के बीच झड़प हुई। बुधवार देर रात फ्रांस ने मोरक्को को 2-0 से हराया।
लगातार दूसरी बार फ्रांस फाइनल में
फ्रांस वर्ल्ड कप में लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंच गया। टीम ने 2018 में वर्ल्ड कप जीता था। वहीं, वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहुंचने में वाली पहली अफ्रीकी टीम मोरक्को का वर्ल्ड कप में सफर खत्म हो गया। इसके साथ ही अफ्रीकी देशों और अरब देशों की उम्मीदें खत्म हो गईं।
बेल्जियम, स्पेन और पुर्तगाल जैसी बड़ी टीमों को हराने के बाद वे सेमीफाइनल में फ्रांस को नहीं हरा सके। फ्रांस की ओर से 5वें मिनट में थियो हर्नांडेज और 79वें मिनट में रैंडल कोलो मुआनी ने गोल दागे। मोरक्को एक भी गोल नहीं स्कोर कर सका।
पहला गोल
फ्रांस ने मैच के 5वें मिनट में ही गोल दाग दिया। गोल टीम के मिडफील्डर थियो हर्नांडेज ने किया। फ्रांस के प्लेयर ग्रीजमेन बॉल को अंदर लेकर आए। उन्होंने बॉल एम्बाप्पे को दी। इतने में मोरक्को के खिलाड़ियों ने बॉल को रोकने का प्रयास किया और बॉल टकराकर हर्नांडेज के पास आ गई। हर्नांडेज ने शॉट मारा और बॉल को नेट के अंदर पहुंचा दिया।










































