ग्वालियर में एक महिला को मकान खरीदकर अपना सपनों का आशियाना बनाने का सपना दिखाकर ठग ने 13 लाख रुपए ठग लिए। 35 लाख रुपए में मकान खरीदने डील हुई थी। जब महिला ने रजिस्ट्री कराने के लिए कहा तो आरोपी मुकर गया। घटना हजीरा थाना क्षेत्र की है। पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत हजीरा थाने में की है।
जिस पर पुलिस ने जांच के बाद शनिवार को आरोपी पर FIR दर्ज कर ली है। पर आरोपी पहले से ही जेल में है। उसने कुछ दिन पहले महिला के मुंहबोले भाई पर फायरिंग की थी और इसी मामले में जेल में है।
शहर बिरला नगर लाइन नंबर एक निवासी सुषमा पत्नी संजय सिंह ने शिकायत की है कि उन्होंने अपने पिता के लिए एक मकान देवेन्द्र त्रिपाठी पुत्र सालिगराम त्रिपाठी से 34 लाख 50 हजार रुपए में खरीदना तय किया था। बात तय होने के बाद एग्रीमेंट करते समय पांच लाख रुपए नकद व चार लाख रुपए का चेक दिया था। एग्रीमेंट के अनुसार 11 माह के अंदर रजिस्ट्री कराना तय हुआ था। इसके कुछ ही दिन बाद देवेन्द्र, मकान खरीदार के पिता से चार लाख रुपए ले गया था और बताया था कि जो चेक उसे दिया गया है उसे वह वापस कर देगा, लेकिन इसके बाद ना तो चेक वापस किया और ना ही रुपए ही वापस किए।
रजिस्ट्री में की टालमटोल फिर मुकर गया
– जब सुषमा ने रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाया तो देवेन्द्र आजकल की कहकर टरकाने लगा और काफी समय बीतने के बाद जब रजिस्ट्री नहीं की तो सुषमा ने वकील से नोटिस दिया, लेकिन उसका जवाब देवेन्द्र ने नहीं दिया। इस पर महिला ने एक मुश्त शेष रकम लेकर रजिस्ट्री कराने के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने साफ मना कर दिया। उसका कहना था कि वह ना तो रजिस्ट्री करेगा और ना ही पैसे वापस करेगा। इस पर पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पहले से ही जेल में है आरोपी
बताया गया है कि आरोपी देवेन्द्र ने पीड़िता के मुंह बोले भाई को जान से मारने की नीयत से गोली मारी थी। इस मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। फिलहाल आरोपी हत्या के प्रयास के मामले में जेल में बंद है।
पुलिस का कहना
– इस मामले में हजीरा थाना प्रभारी संतोष सिंह भदौरिया ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपी अभी फरियादी के मुंह बोले भाई को गोली मारने के आरोप में जेल में है।