मध्यप्रदेश में दिसंबर महीना बीतने को है। मौसम से ठंड गायब है। यानी इस महीने सर्दी नहीं पड़ी। आने वाले सप्ताह में भी सर्दी पड़ने की संभावना नहीं है। ऐसा 10 साल बाद हो रहा है, जब दिसंबर महीना सबसे गर्म रहा है। इससे पहले 2013 में तापमान सबसे ज्यादा रहा था। प्रदेश के चारों प्रमुख शहरों में रात का पारा सबसे ज्यादा रहा। भोपाल और इंदौर में यह सबसे ज्यादा रहा। यहां तक कि जबलपुर-ग्वालियर में भी लोगों को ठंड इस बार कंपकपा नहीं पाई। साइक्लोन मैंडूस के कारण सिर्फ दो दिन ही दिन में सर्दी का एहसास हुआ।
31 दिसंबर के बाद कड़ाके की ठंड
26 और 27 दिसंबर को हिमालय में बर्फबारी की संभावना थी, लेकिन अब वह भी नहीं है। ऐसे में अब दिसंबर के अंतिम सप्ताह में भी ठंड के जोर पकड़ने की संभावना नहीं है। मुश्किल से 2 से 3 डिग्री तक के तापमान गिर सकता है। ऐसे में ज्यादा ठंड की उम्मीद नहीं है। अब जनवरी के पहले सप्ताह में ज्यादा ठंड की संभावना है।
महीना बीतने को, ठंड गायब
आमतौर पर राजधानी भोपाल में दिसंबर में सर्दी सताने लगती है, लेकिन इस बार महीना बीतने को है, लेकिन ठंड के तेवर अब तक सख्त नहीं हो पाए हैं। यह शुष्क महीना रहता है। औसतन अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रहता है। सामान्य तौर पर बादल नहीं होने के कारण दिन अपेक्षाकृत हल्का गर्म किन्तु आरामदायक होते हैं। माह की औसत वर्षा 10.5 मिलीमीटर है।
दिसंबर महीने में आमतौर पर ऐसा रहता है मौसम
कभी-कभी ज्यादा मात्रा में बारिश भी हो जाती है। रोजाना प्रायः कोहरा छाया रहता है, जिससे दृश्यता कम होती है। इस महीने में घने कोहरे के दिनों की औसत संख्या 0.5 होती है। पश्चिमी विक्षोभ अर्थात कम दबाव का क्षेत्र जो देश के उत्तरी प्रांतों में पश्चिम से पूर्व की ओर बढ़ते हैं। जिनसे उत्तरी भाग शीतकालीन वर्षा से प्रभावित होता है। आने वाली शुष्क ठंडी हवाएं देश के मध्यवर्ती एवं उत्तरीय भाग में शीतलहर की स्थिति पैदा करती है।
कभी-कभी बंगाल की खाड़ी में बनने वाली चक्रवाती तूफान की वजह से उत्तर/उत्तर-पश्चिम से ठंडी हवाएं देश के मध्य भाग में आ जाती है। बहुत कम मौकों पर भोपाल शीतलहर से प्रभावित हुआ है। रिकॉर्ड के आधार पर भोपाल में उच्चतम अधिकतम तापमान 11 दिसंबर 1941 को 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 11 दिसंबर 1966 को निम्नतम न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस। 1997 में अधिकतम कुल मासिक वर्षा 137.2 मिलीमीटर और 11 दिसंबर 1967 में 24 घंटों में 66.3 मिलीमीटर है।