भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 137वें स्थापना दिवस के मौके पर बुधवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देश की सबसे पुरानी और आजादी की लड़ाई में अहम भूमिका निभाने वाली कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम में महज 40 कांग्रेस नेता और पदाधिकारी जुट पाए। यहां सभी नेताओं ने कांग्रेस के इतिहास और आजादी से लेकर देश के नवनिर्माण में कांग्रेस के योगदान पर चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से लेकर पार्टी के स्थापना के दौर के क्रांतिकारी नेताओं को याद किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने संकल्प लिया कि उनका लक्ष्य 2023 है और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे। पदाधिकारियों ने कहा कि देश में जिस तरह से देश में सांप्रदायिक दंगे भड़काकर अशांति फैलाई जा रही है, उसे रोकने के लिए कांग्रेस जनजागृति के जरिए हाथ जोड़ों अभियान के माध्यम से कांग्रेस की रीति-नीति और भाजपा की रीति-नीति की जानकारी देंगे। जिला कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष श्याम पंजवानी ने कहा कि एक तरफ राहुल गांधी देश को जोडऩे की बात कह रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ हमारे देश के प्रधानमंत्री देश को तोडऩे की बात कहते हैं। कांग्रेस के 137वें स्थापना दिवस के कार्यक्रम में कांग्रेसी नेताओं की संख्या कम होने के सवाल पर श्री पंजवानी ने बताया कि कांग्रेस के नेता, पार्षद, पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर काम कर रहे हैं इसलिए कार्यक्रम में कुछ ही पदाधिकारियों को बुलाया गया है।










































