अपने बयानों से अक्सर सुर्खियां बंटोरने वालीं भाजपा की दिग्गज नेता और प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री इन दिनों बालाघाट प्रवास पर हैं। तीन दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन वह जिला मुख्यालय से सटे नशामुक्त गांव छोटी कुम्हारी पहुंचीं। ग्रामीणों ने उनका भव्य अंदाज में स्वागत किया। इस दौरान सुश्री उमा भारती देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आईं। उन्होंने देशभक्ति गीत जहां डाल-डाल पर सोने की चिडिय़ा करती है… गुनगुनाया और सुनने वालों की वाहवाही बंटोरी।
सुश्री उमा भारती ने इस देशभक्ति गीत के माध्यम से वर्ष 2003 के प्रदेश के विधानसभा चुनाव को याद करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार के समय सड़कें, बिजली और पानी की स्थिति ठीक नहीं थी। सड़कों में इतने ज्यादा गड्ढे थे कि पैदल चलना भी मुश्किल था। तब इस देशभक्ति गीत की थीम पर चुनावी गीत तैयार किया गया और प्रचार के समय वह उसे खूब सुनती थी। सुश्री भारती ने कहा कि वह नशामुक्ति का संकल्प लेकर कार्य कर रही हैं। इसमें जनता व जनार्दन की भागीदारी की जरूरत हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हमें गांव-गांव शराब वाला देश नहीं चाहिए। हमें सोने की चिडिय़ा वाला देश चाहिए। हमे ऐसा देश नहीं चाहिए जहां महिलाएं भयभीत हों, बल्कि हमें ऐसा देश चाहिए जहां सोने की चिडिय़ा करती हो बसेरा।










































