जिले में ठंड के बढ़ते प्रकोप और बुधवार को बने शीतलहर के हालातों को देखते हुए जिला कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने अगले तीन दिनों के लिए सामान्य अवकाश घोषित किया है। 5 जनवरी से 7 जनवरी तक सभी शासकीय, अशासकीय, आईसीएसई और सीबीएसई स्कूलों में सामान्य अवकाश रहेगा। इसके अलावा सोमवार ९ जनवरी से लगने वाले स्कूलों की टाइमिंग भी बदली है। सोमवार से सभी स्कूल सुबह 9.30 बजे से लगेंगे। उक्त घोषणा स्कूल शिक्षा विभाग मध्यप्रदेश शासन के निर्देशों के तहत की गई है।
आपको बता दें कि बुधवार को सुबह से शाम तक तेज ठंड, शीतलहर और हल्की बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। शीतलहर और तापमान में गिरावट के कारण स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की संभावना को देखते हुए गुरुवार से शनिवार तक सामान्य अवकाश का फैसला लिया गया है। ये आदेश नर्सरी से कक्षा पांचवीं तक की कक्षाओं के लिए लागू होगा। इसके अलावा स्कूल लगने के समय में भी बदलाव किया गया। 9 जनवरी सोमवार से अगले आदेश तक सभी स्कूल सुबह 9.30 बजे से लगेंगे, लेकिन राज्य स्तर से निर्धारित विभिन्न परीक्षाएं पूर्व तय समय पर ही आयोजित की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी अश्विनी कुमार उपाध्याय ने दूरभाष पर चर्चा के दौरान बताया कि शासकीय स्कूलों में शिक्षिकों की उनके समय पर उपस्थिति अनिवार्य रहेगी, जो शैक्षणिक और कार्यालयीन कार्य करेंगे। उक्त आदेश जिलेभर ें तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।










































