इस साल ठंड और कोहरे के लिहाज से बुधवार का दिन सबको ठिठुरने के लिए मजबूर करने वाला रहा। सुबह से घने कोहरे और सर्द हवाओं ने लोगों को परेशान किया लेकिन दोपहर के बाद अचानक मौसम ने करवट बदला और बेमौसम बारिश कर दी। बारिश की हल्की फुहार ने मानो ठंड के सितम को दोगुना कर दिया।W
बुधवार शाम को शहर की सड़कें भींगी नजर आई। बारिश से बचने के लिए लोगों को छाते निकालने पड़े। इस दौरान हर कोई गर्म कपड़ों की मदद से बचता दिखा। कृषि मौसम विज्ञान केंद्र बड़गांव के कृषि वैज्ञानिक धर्मेंद्र आगाशे ने दूरभाष पर चर्चा के दौरान बताया कि उत्तरी क्षेत्र में आए मौसम में बड़े बदलावों के कारण मध्य और पूर्वी-पश्चिमी क्षेत्र में भी इसका असर हुआ है। उन्होंने गुरुवार 5 जनवरी को भी बारिश की संभावना जताई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार को बालाघाट का न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि बुधवार को जिले में सबसे सर्द क्षेत्र मलाजखंड रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री और अधिकतम 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा। विभागीय जानकारी के अनुसार,
दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश से पश्चिमी विदर्भ तक में आए बदलाव के कारण गुरुवार को भी दक्षिण पूर्वी मध्यप्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा क्षेत्र में हल्की बारिश की संभावना है।










































