ICC Player Protection Programme: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के सोशल मीडिया मंचों पर ’ट्रोलिंग’ के बचाव से जुड़े ’प्लेयर प्रोटेक्शन प्रोग्राम’ में 100 से अधिक महिला क्रिकेटरों ने पंजीकरण कराया है। आईसीसी ने इसके लिए एआई से संचालित ’मॉडरेटर’ फ्रीडम2हियर के साथ साझेदारी की है जिसने मौजूदा महिला टी20 विश्व कप के दौरान लगभग 60,000 ’हानिकारक सामग्री’ को हटाया है।
50 से अधिक नए खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण
आईसीसी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि टूर्नामेंट की शुरुआत से अब तक 50 से अधिक नए खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। बयान में कहा गया है, ’’यह सेवा आईसीसी के आधिकारिक सोशल मीडिया खातों पर अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करती है। आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में भाग ले रही 12 में से सात टीम की खिलाड़ी इससे जुड़ी हैं। इसके अलावा अंपायर और प्रसारकों ने भी पंजीकरण कराया है।’’
टी20 विश्व कप के पहले सप्ताह में हुआ कार्यक्रम
टी20 विश्व कप के पहले सप्ताह के बाद इस ’टूल’ ने लगभग 250,000 टिप्पणियों की समीक्षा की और लगभग 60,000 हानिकारक सामग्री को हटा दिया। आईसीसी ने कहा, ’’बार-बार अपराध करने वालों में से 2,000 से अधिक लोगों की गतिविधियों पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिए गए और 370 उपयोगकर्ताओं को ब्लॉक कर दिया गया।’’
भारतीय स्पिनर राधा यादव भी कार्यक्रम में हुईं शामिल
भारत की बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव ने कार्यक्रम में शामिल होने के बारे में कहा, ’’ सोशल मीडिया मेरे लिए दुनिया भर में दोस्तों, परिवार और प्रशंसकों के साथ बातचीत करने का अच्छा मंच साबित हो सकता है लेकिन यह (ट्रोलिंग के कारण) विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों के लिए मुसीबत भी बन गया है।’’ उन्होंने कहा, ’’’इस बारे में खुलकर बात करना और समस्या का समाधान ढूंढना महत्वपूर्ण है, इसीलिए मैंने आईसीसी के ’प्लेयर प्रोटेक्शन प्रोग्राम’ में पंजीकरण कराया।’’










































