JioAstro: Jio की ज्योतिष की दुनिया में एंट्री, ऐप बताएगा भविष्य और कुंडली

0

JioAstro केवल आपकी राशि देखकर भविष्य बताने वाला ऐप नहीं है। इसमें जन्म की तारीख, समय और जगह जैसी जानकारी के आधार पर कुंडली तैयार की जाती है। इसके बाद AI की मदद से कुंडली का एनॉलिसिस किया जाता है और यूजर्स को उनकी जरूरत के हिसाब से जानकारी दी जाती है।

जियो वैसे तो देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी है। इसके पास 52 करोड़ से अधिक यूजर्स मौजूद हैं। टेलीकॉम सेक्टर में वर्चस्व हासिल करने के बाद अब कंपनी धीरे-धीरे दूसरे क्षेत्र में भी आगे बढ़ रही है। जियो अब ज्योतिष की दुनिया में भी कदम रखने जा रहा है। इसके लिए कंपनी आर्टिफिशियल एंटेलिजेंस बेस्ड एक एडवांस एस्ट्रोलॉजी ऐप लेकर आई है जिसका नाम JioAstro है। जियो का यह एस्ट्रो ऐप यूजर्स को जन्म कुंडली के आधार पर पर्सनलाइज ज्योतिष सर्विस देगा।

JioAstro केवल आपकी राशि देखकर भविष्य बताने वाला ऐप नहीं है। इसमें जन्म की तारीख, समय और जगह जैसी जानकारी के आधार पर कुंडली तैयार की जाती है। इसके बाद AI की मदद से कुंडली का एनॉलिसिस किया जाता है और यूजर्स को उनकी जरूरत के हिसाब से जानकारी दी जाती है।

क्या है JioAstro और कैसे करता है काम?

JioAstro एक ऐसा ऐप है जिसमें पारंपरिक वैदिक ज्योतिष को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के साथ जोड़ा गया है। यूजर को सबसे पहले अपनी जन्म से जुड़ी जरूरी जानकारी दर्ज करनी होती है। इसके आधार पर ऐप जन्म कुंडली तैयार करता है और ग्रहों की स्थिति को समझकर ज्योतिषीय जानकारी देता है। इस ऐप की एक और खास सुविधा AI ज्योतिषी से बातचीत करने की है।

यानी अगर आपके मन में करियर, नौकरी, रिश्ते या आने वाले समय को लेकर कोई सवाल है, तो आप ऐप के जरिए ज्योतिष से जुड़े सवाल पूछ सकते हैं। कंपनी ने इस ऐप में हिंदी, अंग्रेजी, मराठी और गुजराती चार भाषाओं का सपोर्ट दिया है। इसके अलावा ऐप में जन्म कुंडली, ग्रहों की चाल, ज्योतिषीय दशाओं और रोजाना होने वाले संभावित बदलावों से जुड़ी जानकारी भी मिलती है।

ज्योतिष से जुड़े कई प्लेटफॉर्म भविष्य को लेकर तरह-तरह की बातें करते हैं। लेकिन JioAstro का कहना है कि उसका फोकस कुंडली और पारंपरिक वैदिक गणनाओं के आधार पर जानकारी देना है। कंपनी के मुताबिक, ऐप में AI का इस्तेमाल कुंडली का विश्लेषण करने के लिए किया जाता है। इसमें बिना आधार के बातें बनाने या यूजर्स को डराने वाली भविष्यवाणियां करने के बजाय ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित जानकारी देने की कोशिश की गई है।

हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि ज्योतिषीय भविष्यवाणियां वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित तथ्य नहीं हैं। इसलिए ऐप से मिलने वाली जानकारी को अंतिम या निश्चित भविष्यवाणी नहीं मानना चाहिए।

Android यूजर्स कर सकते हैं डाउनलोड

JioAstro अभी Google Play Store पर उपलब्ध है। Android स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले यूजर्स इसे डाउनलोड करके इसकी सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, iPhone यूजर्स के लिए यह ऐप कब लॉन्च होगा, इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here