इंस्टाग्राम के करोड़ों यूजर्स को बहुत जल्द सोशल मीडिया का नया एक्सपीरियंस मिलने वाला है। मेटा भारतीय यूजर्स के लिए एक साथ कई सारे फीचर्स लाने वाला है। बहुत जल्द यूजर्स अपनी स्मार्ट टीवी पर भी इंस्टाग्राम को चला पाएंगे।
अगर आप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए काम की खबर है. हर दिन करोड़ों यूजर्स फोटो-वीडियो शेयरिंग के लिए इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करते हैं और अब यूजर्स की सहूलियत के लिए कंपनी कई सारे नए फीचर्स लाने जा रही है। मेटा ने भारत में इंस्टाग्राम यूजर्स के लिए एक नया फीचर लाने की तैयारी कर ली है। अब लोग अपने स्मार्ट टीवी पर भी इंस्टाग्राम चला सकेंगे। कंपनी जल्द ही भारत में Instagram for TV लॉन्च करने वाली है। इसके आने के बाद यूजर्स मोबाइल की छोटी स्क्रीन के बजाय अपने टीवी पर बड़ी स्क्रीन में रील्स, स्टोरीज और फोटो देख पाएंगे।
मेटा ने बताया है कि आने वाले दिनों में यह ऐप चुनिंदा Apple TV, Amazon Fire TV और Google TV डिवाइसेज पर उपलब्ध होगा। यूजर्स अपने स्मार्ट टीवी में इंस्टाग्राम ऐप डाउनलोड करके लॉग-इन कर सकेंगे।
Smart TV पर मिलेंगे ये खास फीचर्स
बड़ी स्क्रीन पर देखें रील्स और स्टोरीज: Instagram for TV की मदद से यूजर्स टीवी पर रील्स, स्टोरीज, फोटो और फोटो के कलेक्शन देख सकेंगे। इससे परिवार और दोस्तों के साथ कंटेंट देखने का मजा बढ़ जाएगा।
पसंद के हिसाब से मिलेगा कंटेंट: ऐप में अलग-अलग चैनल्स होंगे। यहां यूजर्स अपनी पसंद, लोकप्रिय वीडियो और फॉलो किए गए क्रिएटर्स के कंटेंट देख सकेंगे। इसके अलावा पसंदीदा वीडियो सर्च करने की सुविधा भी मिलेगी।
बिना रिमोट चलाए देखें रील्स: टीवी पर रील्स अपने आप चलती रहेंगी। यानी हर वीडियो खत्म होने के बाद अगली रील देखने के लिए बार-बार बटन दबाने की जरूरत नहीं होगी। यूजर्स टीवी के रिमोट से ऐप को आसानी से चला सकेंगे।
फोन से टीवी पर चला सकेंगे रील्स: अगर आपका फोन और स्मार्ट टीवी एक ही वाई-फाई नेटवर्क से जुड़े हैं, तो आप मोबाइल से सीधे टीवी पर रील्स चला सकेंगे।
दोस्तों की पसंद भी देख सकेंगे: ऐप में फ्रेंड्स नाम का एक खास सेक्शन मिलेगा। इसमें दोस्तों की स्टोरीज और उनकी पसंद की रील्स एक ही जगह दिखाई देंगी। यूजर्स प्राइवेसी सेटिंग्स के अनुसार दूसरे अकाउंट की प्रोफाइल, बायो और फॉलोअर्स की जानकारी भी देख पाएंगे।
एक साथ जोड़ सकेंगे पांच इंस्टाग्राम अकाउंट
Instagram for TV की एक खास बात यह है कि इसमें एक साथ पांच अलग-अलग अकाउंट जोड़े जा सकेंगे। इससे घर के सभी सदस्य अपनी पसंद के हिसाब से इंस्टाग्राम इस्तेमाल कर सकेंगे।
ऐप उपलब्ध होने के बाद यूजर्स को अपने Apple TV, Fire TV या Google TV में इसे डाउनलोड करना होगा। इसके बाद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से लॉग-इन करना होगा। मोबाइल ऐप की सेटिंग्स के जरिए भी टीवी पर इंस्टाग्राम खोलने का विकल्प मिलेगा। अगर कोई यूजर टीवी के लिए अलग अकाउंट बनाना चाहता है, तो वह नया अकाउंट भी तैयार कर सकता है।
बच्चों की सुरक्षा का भी रखा जाएगा ध्यान
मेटा ने इस ऐप में बच्चों और किशोरों की सुरक्षा का खास ध्यान रखने की बात कही है। टीवी पर दिखाई जाने वाली रील्स 13+ कंटेंट रेटिंग के नियमों के अनुसार होंगी। यानी कम उम्र के यूजर्स को उनकी उम्र के हिसाब से ही कंटेंट दिखाया जाएगा। 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए मोबाइल ऐप में मौजूद सुरक्षा नियम टीवी पर भी लागू रहेंगे। इसके अलावा, टीवी पर इंस्टाग्राम इस्तेमाल करने का समय भी टीन अकाउंट की रोजाना इस्तेमाल की सीमा में गिना जाएगा।
अगर कोई किशोर तय समय से ज्यादा इंस्टाग्राम इस्तेमाल करता है, तो उसे ब्रेक लेने के लिए रिमाइंडर मिलेगा। ऐप में स्लीप मोड की सुविधा भी होगी, ताकि देर रात तक इंस्टाग्राम देखने की आदत को कम किया जा सके। इस नए फीचर के आने से अब परिवार के लोग एक साथ बैठकर टीवी की बड़ी स्क्रीन पर इंस्टाग्राम का मजा ले सकेंगे।









































