जिले के प्रसिद्ध कुबरेश्वर धाम में भिखारियों से ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। मंदिर परिसर में भीख मांगकर गुज़ारा करने वाले तीन से चार गरीब वृद्धों और दिव्यांग व्यक्तियों के साथ एक अज्ञात बदमाश ने धोखाधड़ी की। शातिर आरोपी ने उन्हें 200-200 रुपये के नकली नोट देकर चिल्लर के नाम पर करीब 8 से 10 हजार रुपये ले लिए। यह घटना मंडी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर शाम कुछ अज्ञात लोग मंदिर परिसर पहुंचे और वहां मौजूद भिखारियों से बातचीत करने लगे। इस दौरान काला कोट पहने एक व्यक्ति ने कहा कि उसकी पत्नी कुबरेश्वर धाम में चिल्लर चढ़ाना चाहती है, इसलिए उसे छोटे सिक्कों की जरूरत है। इसी बहाने उसने भिखारियों को नकली 200-200 के नोट थमाए और उनसे चिल्लर लेकर तुरंत वहां से गायब हो गया।










































