UPI Payment: भारत में UPI सिस्टम को संभालने वाली सरकारी संस्था (NPCI) एक नई सुविधा लाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत, यूजर्स किसी भी UPI ऐप जैसे Google Pay, PhonePe या Paytm पर यह देख सकेंगे कि आपके खाते से कौन-कौन से ऑटोमैटिक पेमेंट जैसे नेटफ्लिक्स या अमेजन प्राइम का सब्सक्रिप्शन, बिजली-पानी का बिल, इंश्योरेंस की किस्त या किसी लोन की EMI, जुड़े हुए हैं। यानी आप एक ही UPI ऐप पर अपने सारे ऑटोमैटिक पेमेंट्स की लिस्ट देख पाएंगे और उन्हें वहीं से बंद या चालू भी कर सकेंगे। इससे आप आसानी से इन पेमेंट्स को मैनेज कर पाएंगे।ET Telecom की रिपोर्ट (REF.) की मानें तो डिजिटल पेमेंट कंपनियों के दो सीनियर अधिकारियों ने बताया कि NPCI एक ऐसा इंटरफेस या सॉफ्टवेयर सिस्टम बना रहा है, जिसे सभी UPI ऐप्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
हालांकि, अगर ग्राहक कोई सब्सक्रिप्शन कैंसिल करना चाहते हैं या उसमें बदलाव करना चाहते हैं, तो उन्हें उसी ऐप पर जाना होगा, जिसके जरिए शुरू में उन्होंने ऑटो पेमेंट की सुविधा शुरू की थी।
एक अधिकारी ने कहा कि यह फीचर ऐसा है कि सभी ऐप्स मैंडेट की लिस्ट तो दिखाएंगी, लेकिन ट्रांजैक्शन के लिए उन्हें उसी UPI ऐप पर भेज दिया जाएगा।
सीधा-सीधा कहें तो आपको अलग-अलग यूपीआई ऐप पर जाकर यह नहीं देखना होगा कि आपने किस ऐप से अपने-आप पेमेंट की सुविधा किसके लिए चालू की है।
आप एक ही ऐप पर सभी ऑटो पेमेंट की लिस्ट देख पाएंगे, लेकिन बदलाव के लिए उसी ऐप पर जाना होगा।













































